विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैफुलवरा अंसारी फिर बने उर्दू अकादमी चेयरमैन, बोले- अकादमी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:32 AM (IST)

चौधरी कैफुलवरा अंसारी को दोबारा उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए अकादमी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता देने का लक्ष्य रखा है।

चौधरी कैफुलवरा अंसारी। जागरण

चौधरी कैफुलवरा अंसारी। जागरण

HighLights

  1. कैफुलवरा अंसारी दोबारा उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के चेयरमैन नियुक्त।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार, अकादमी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य।

  3. लंबित पुस्तकों के प्रकाशन, साहित्यकारों की पेंशन को प्राथमिकता।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चौधरी कैफुलवरा अंसारी को एक बार फिर उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी, लखनऊ का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। दोबारा इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनके पुनर्नियुक्त होने की सूचना मिलते ही गोरखपुर, लखनऊ और दिल्ली के साहित्यिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी।

चौधरी कैफुलवरा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले भी उन पर विश्वास जताते हुए अकादमी की जिम्मेदारी सौंपी थी। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया। अब दोबारा मिले अवसर को वह और अधिक जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उनका लक्ष्य उर्दू अकादमी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ उर्दू भाषा और साहित्य के विकास को नई गति देना है। उन्होंने कहा कि दूसरे कार्यकाल में सबसे पहले अकादमी के अधूरे और लंबित कार्यों को पूरा कराया जाएगा।

प्रकाशन के लिए प्रतीक्षारत पुस्तकों को प्राथमिकता के आधार पर प्रकाशित कराया जाएगा। बच्चों की छात्रवृत्ति, पुस्तकों पर पुरस्कार और लेखकों-साहित्यकारों के सम्मान से जुड़ी लंबित योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। साहित्यकारों को मिलने वाली पेंशन का दायरा बढ़ाने और लेखकों की पांडुलिपियों के प्रकाशन के लिए भी प्रभावी प्रयास होंगे। चौधरी कैफुलवरा ने कहा कि अकादमी के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और अधूरी मांगों का समाधान भी प्राथमिकता में रहेगा।

मुझे अकादमी का सदस्य बनाना भोजपुरी का सम्मान : फूलचन्द
उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी, लखनऊ का सदस्य नामित होने पर साहित्यकार डा. फूलचंद प्रसाद गुप्त ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से उन्हें भोजपुरी भाषा-साहित्य, कला और संगीत की सेवा का अवसर मिला है। यह भोजपुरी भाषा और साहित्य का सम्मान है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बसपा के बदलते 'महावत': 11 महीनों में 6 जिलाध्यक्ष, अब सुरेश कुमार गौतम पर दांव

डा. गुप्त की भोजपुरी की विभिन्न विधाओं में अब तक 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें नाथ साहित्य पर आधारित 'गोरखबानी अउर भोजपुरी' और 'नवनाथ अउर नाथजोगी' भी शामिल हैं। भोजपुरी गद्य संग्रह 'बटोहिया का सोवै' के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का भिखारी ठाकुर सर्जना पुरस्कार मिल चुका है। वह 35 वर्षों से भोजपुरी साहित्य की सेवा कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 11 जिलों की चुनावी समीक्षा: हर बूथ पर वेबकास्टिंग, 'जीरो एरर-जीरो वायलेंस' का लक्ष्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।