विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में 11 जिलों की चुनावी समीक्षा: हर बूथ पर वेबकास्टिंग, 'जीरो एरर-जीरो वायलेंस' का लक्ष्य

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:02 AM (GMT+05:30)

गोरखपुर में निर्वाचन आयोग ने 11 जिलों की विधानसभा चुनाव-2027 तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें 'जीरो एरर, जीरो वायलेंस और जीरो प्रलोभन' का लक्ष्य रखा गया है। सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग होगी और युवा व महिला मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कोर्टयार्ड में विधान सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक। सौ- सूचना विभाग

कोर्टयार्ड में विधान सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक। सौ- सूचना विभाग

HighLights

  1. निर्वाचन आयोग ने 11 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।

  2. सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग और सुरक्षा निगरानी होगी।

  3. युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में निगरानी तेज कर दी है। चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए आयोग ने जीरो एरर (शून्य त्रुटि), जीरो वायलेंस (शून्य हिंसा) और जीरो इंड्यूसमेंट (शून्य प्रलोभन) का लक्ष्य तय किया है।

गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में गोरखपुर में हुई समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के 11 जिलों की चुनावी तैयारियां परखी गईं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान केंद्रों की सुविधाओं, ईवीएम-वीवीपैट के प्रबंधन, कार्मिकों के प्रशिक्षण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर तैयारियों की नियमित समीक्षा करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदेय स्थलों की पहचान कर सुरक्षा की प्रभावी योजना बनाई जाए। सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें भी की जाएं। विगत चुनावों के अनुभव के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की उपलब्धता और तैनाती की रणनीति तैयार करने को कहा गया।

सभी बूथों पर कैमरों से निगरानी, मतदाता सूची में नहीं छूटे कोई पात्र नागरिक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। कैमरों की व्यवस्था और निगरानी के लिए प्रशिक्षित कार्मिक तैनात होंगे। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, फर्नीचर, महिला-पुरुष के लिए अलग शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप और सुगम पहुंच जैसी न्यूनतम सुविधाएं भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। खासकर युवा और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। दोहरी प्रविष्टियों, मृतक, अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन कर अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निस्तारण होगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर से 280 रुपये में जनकपुर धाम पहुंचाएगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, 3AC और 2AC का कितना है किराया?

बीएलओ और सुपरवाइजर से टेबल टाप एक्सरसाइज कराकर सूची की गहन जांच कराई जाएगी। चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। टीम शुक्रवार को विंध्याचल और आजमगढ़ मंडल के छह जिलों की समीक्षा करेगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की ट्रेनों में अब सील बेडरोल पैकेट, यात्री खुद खोलेंगे और अटेंडेंट की मनमानी पर लगेगा ब्रेक



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।