Janta Darbar: सीएम योगी से अमन मणि ने लगाई माता-पिता की रिहाई की गुहार, हिंदू सेवाश्रम में योगी ने सुनी 150 लोगों की फरियाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में गुहार लगाने पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छे आचरण वाले कैदियों को रिहा कर रही है। ऐसे में उनके माता पिता का व्यवहार 18 वर्ष सजा काटने के दौरान अच्छा रहा है।

गोरखपुर, जागरण टीम। पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी के पुत्र और नौतनवां के पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पिता और मां मधु मणि की सजा माफ कर रिहाई की गुहार लगाई है। अमन मणि गुहार लगाने के लिए शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में अपने चाचा अजित मणि के साथ पहुंचे हुए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि सरकार अच्छे आचरण वाले कैदियों की सजा माफ कर रही है और मेरे माता-पिता अबतक 18 वर्ष की सजा काट चुके हैं। इस दौरान उनका व्यवहार उत्तम रहा है। ऐसे में वह क्षमा के हकदार हैं। उनकी क्षमा याचना का पत्र लंबे समय से विचाराधीन चल रहा है। अमर मणि और मधु मणि चर्चित मधुमिता शुक्ला हत्याकांड के सिलसिले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
तीन दिन के दौरे पर शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या सुनने के साथ मुख्यमंत्री उन्हें उसके समाधान का आश्वासन देते रहे, साथ ही अधिकारियों को इस बाबत निर्देश भी देते रहे।
हर बार की तरह इस बार भी अधिकांश लोग जमीन से जुड़े विवाद को निपटारे की उम्मीद लेकर आए थे। पुलिस से जुड़े मामलों की संख्या भी पर्याप्त रही। इलाज के लिए आर्थिक मदद की आस लेकर आए लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन की अभाव में किसी का इलाज रुकने नहीं पाएगा। हिंदू सेवाश्रम के बाद मुख्यमंत्री यात्री निवास भी गए लेकिन इस बार वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पिछले दौरे के दौरान जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने यहां करीब 800 लोगों की समस्या सुनी थी।
परंपरागत रही योगी की दिनचर्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की सुबह अपने आवास से निकलने और सबसे पहले बाबा गोरखनाथ की पूजा-अर्चना के लिए उनके दरबार में पहुंचे। इसी क्रम में उन्होंने अपने दादा गुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और गुरु अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। पूजा प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां करीब आधे घंटे तक गायों के बीच रहे। इस दौरान उन्होंने गो-सेवकों से संवाद कर गर्मी में गायों के देखभाल के इंतजाम की जानकारी ली। जनता दर्शन के लिए जाने से पहले उन्होंने कुछ समय अपने श्वान कालू और गुल्लू के साथ गुजारा।
आरओ प्लांट का किया उद्घाटन: मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को ही हिंदू सेवाश्रम के पास सिडबी (भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक) की तरफ से लगाए गए आरओ प्लांट का उद्घाटन किया। साथ ही बैंक के अधिकारियों से आरओ प्लांट के खूबियों की जानकारी ली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।