विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Indian Railway का बड़ा तोहफा, भारत में पहली बार सूरत से गोरखपुर के बीच चलेगी पार्सल ट्रेन, मिलेगी खास सुविधा

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Fri, 20 Jan 2023 10:08 AM (IST)

26 जनवरी को विभिन्न रूटों पर आठ पार्सल ट्रेनों को रेलवे की हरी झंडी मिलेगी। जिससे लोगों को पार्सल भेजने ...और पढ़ें

भारत में पहली बार सूरत से गोरखपुर के बीच चलेगी पार्सल ट्रेन। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
भारत में पहली बार सूरत से गोरखपुर के बीच चलेगी पार्सल ट्रेन। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोरखपुर, प्रेम नारायण द्विवेदी। देश में पहली बार सूरत से गोरखपुर के बीच टाइम टेबल (समय सारिणी) आधारित पार्सल ट्रेन चलाई जाएगी। इसकी शुरुआत 26 जनवरी को होगी। इस दिन भारतीय रेलवे के विभिन्न रूटों के लिए सूरत, बेंगलुरु, दिल्ली, रेनीगुंटा, सिकंदराबाद और अहमदाबाद से कुल आठ पार्सल ट्रेनों को हरी झंडी मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने देशभर में विभिन्न रूटों पर 15 पार्सल ट्रेनों को चलाने की अनुमति दी है।

सप्ताह में एक दिन चलेंगी सभी पार्सल ट्रेनें

सभी पार्सल ट्रेनें सप्ताह में एक दिन चलाई जाएंगी। लोगों का रुझान बढ़ने के साथ इनके फेरे बढ़ाए जाएंगे। इनका ठहराव अधिक से अधिक स्टेशनों पर किया जाएगा। यात्री ट्रेनों की तरह यह भी निर्धारित समय से संचालित होंगी। सूरत-गोरखपुर पार्सल ट्रेन कानपुर और लखनऊ के रास्ते चलेगी। इसका अंतिम ठहराव गोरखपुर में नकहा जंगल होगा। अन्य स्टेशनों पर ठहराव और संचालन का समय तय करने के साथ गोरखपुर से वापसी की तिथि निर्धारित की जा रही है। एक से दो दिन में गोरखपुर से वापसी की तिथि और समय भी जारी कर दिया जाएगा।

पार्सल की बुकिंग के लिए खोले जाएंगे डाक विभाग के सेंटर

 

देश में पार्सल व्यवस्था को मजबूत बनाने की घोषणा के क्रम में बोर्ड ने आम बजट में रेलवे और डाक विभाग के आपसी समन्वय से पार्सल ट्रेन को संचालित करने की कवायद शुरू की है। इसके लिए ज्वाइंट पार्सल प्रोडक्ट आफ इंडिया पोस्ट एंड रेलवे (जेपीपी) योजना के तहत रेल पोस्ट गति शक्ति कार्गो एक्सप्रेस सेवा तैयार की गई है। रेलवे और डाक विभाग की इस व्यवस्था से लोगों को पार्सल भेजने व मंगाने के लिए न पार्सल घर जाना पड़ेगा और न ही निजी एजेंसियों की राह देखनी पड़ेगी। पार्सल की बुकिंग के लिए शहर, कस्बा और गांव में डाक विभाग के सेंटर खोले जाएंगे।

सड़क मार्ग से 20 प्रतिशत कम लगेगा किराया

पार्सल ट्रेन का किराया रेलवे की सामान्य पार्सल दर से 10 प्रतिशत अधिक, लेकिन सड़क मार्ग से 20 प्रतिशत कम होगा। उपभोक्ताओं को रेलवे की सामान्य पार्सल सेवा के सापेक्ष पार्सल ट्रेन के माध्यम से अपना सामान घर से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अधिकतम छह रुपये प्रति किलो अधिक किराया देना होगा।

समय से सुरक्षित पहुंचेगा लोगों का सामान

लोगों का सामान समय से सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचेगा। इसके लिए कंटेनर माडल पर बालडेक कोच तैयार किए जा रहे हैं, जिसमें सामान को आसानी से उतारा व चढ़ाया जा सकेगा। हालांकि, शुरुआत में मालगाड़ियों के जनरल वैगन ही लगाए जाएंगे।

ऐसे चलेगी विशेष पार्सल ट्रेन

  • समय सारिणी के आधार पर प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए सप्ताह में एक दिन।
  • कोच विशेष डिजाइन वाले होंगे, जिसमें विभिन्न आकार के कंटेनर होंगे।
  • डाक विभाग की होगी पार्सल बुक करने व स्टेशन तथा घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी।
  • पार्सल को निर्धारित स्टेशन तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी रेलवे की होगी।

क्या कहते हैं अधिकारी

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रेल पोस्ट गति शक्ति कार्गो एक्सप्रेस सेवा के अंतर्गत सूरत से गोरखपुर वाया कानपुर, लखनऊ के मध्य टाइम-टेबल पार्सल ट्रेन शुरू की जा रही है। 26 से इस का संचालन प्रति सप्ताह किया जाना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।