रेलवे के कारीगरों को नई पहचान: लोहार, वेल्डर और फिटर अब कहलाएंगे 'मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन'
रेलवे के लोहार, कारपेंटर, वेल्डर जैसे कारीगर अब मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन कहलाएंगे, जिससे उनकी अलग-अलग श्रेणियां समाप्त हो गई हैं। यह बदलाव रेलवे बोर्ड के निर्देश पर हुआ है, जिससे कार्यकुशलता बढ़ेगी और कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर मिलेंगे।

पूर्वोत्तर रेलवे। जागरण
HighLights
कारीगरों के 131 पद मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन में विलय।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर श्रेणियों का सरलीकरण किया गया।
कार्यकुशलता बढ़ेगी, कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे के लोहार, कारपेंटर, वेल्डर और फिटर आदि कारीगर अब टेक्नीशियन कहलाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में पटरियों की मरम्मत और रखरखाव करने वाले इंजीनियरिंग विभाग के आर्टिजन केटेगरी (लोहार, कारपेंटर, वेल्डर और फिटर आदि) के 131 पदों को मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन (एमएसटीटी) के सामान्य वर्ग में विलय कर दिया गया है।
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश के क्रम में उनकी अलग-अलग श्रेणियां समाप्त कर दी गई हैं। रेलवे बोर्ड ने सभी श्रेणियों को मिलाकर मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन नाम से एक नया कैडर बना दिया है। अब आर्टिजन केटेगरी के सभी कर्मचारी मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन कहलाएंगे। अभी तक सभी श्रेणियों के कर्मचारी कारीगर कहलाते थे।
वेतनमान के अनुसार उनके चार ग्रेड बनाए गए हैं। इस बदलाव से कर्मचारियों की अलग-अलग श्रेणियों का झंझट खत्म हो गया है। रेलवे को कार्य कुशलता की जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की अलग-अलग तकनीकी कार्यों में तैनाती करने में आसानी होगी। साथ ही ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव का काम अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा। कर्मचारियों की पदोन्नति का रास्ता भी खुलेगा।
रेलवे बोर्ड के एग्जक्यूटिव डायरेक्टर शत्रुघ्न बेहरा ने पांच नवंबर, 2026 को सभी जोनल रेलवे को 20 नवंबर तक इस प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया था। निर्देश के क्रम में लखनऊ मंडल प्रशासन ने इसका अनुपालन भी सुनिश्चित कर दिया है। अब नई व्यवस्था के तहत पी-वे (स्थाई पथ) के आर्टिजन कर्मचारियों को चार ग्रेड में रखा जाएगा।
पे लेवल-2 के कर्मचारी टेक्नीशियन (ट्रैक) ग्रेड-3, पे लेवल-4 के कर्मचारी ग्रेड-2, पे लेवल-5 के कर्मचारी ग्रेड-1 और पे लेवल-6 के कर्मचारी सीनियर टेक्नीशियन (ट्रैक) कहलाएंगे। संबंधित पे लेवल के सभी मौजूदा पी-वे आर्टिजन पदों को नए कैडर में समाहित किया जाएगा। जोनल रेलवे को इंजीनियरिंग विभाग के पी-वे सेक्शन में कार्यरत सभी आर्टिजन कैडरों की पहचान कर उनके पदों और कर्मचारियों को नई कैडर आइडी में स्थानांतरित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बैंकाक से चांदी की परत चढ़ाकर लाया जा रहा था करोड़ों का सोना, गोरखपुर में तस्करी नेटवर्क का खुलासा
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अन्य क्षेत्रों में कार्यरत समान नाम वाले कारीगरों को इस कैडर में शामिल नहीं किया जाएगा। ब्रिज और वर्क्स जैसे सेक्शन में तैनात वेल्डर, लोहार, बढ़ई, पेंटर और राजमिस्त्री आदि के पद इस विलय का हिस्सा नहीं होंगे। नई व्यवस्था केवल पी-वे सेक्शन के आर्टिसन कर्मचारियों पर लागू होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।