बैंकाक से चांदी की परत चढ़ाकर लाया जा रहा था करोड़ों का सोना, गोरखपुर में तस्करी नेटवर्क का खुलासा
बैंकाक से सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य सीमा शुल्क से बचने के लिए सोने के गहनों पर चांदी की परत चढ़ाकर भारत लाते थे। गोरखपुर में इस नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ, जिसमें 960 ग्राम सोना और 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए, मुख्य आरोपी आशुतोष शुक्ला गिरफ्तार हुआ।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
तस्कर चांदी की परत चढ़ाकर सोने के गहने भारत लाते थे।
गोरखपुर पुलिस ने 960 ग्राम सोने के साथ नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
मुख्य आरोपी आशुतोष शुक्ला गिरफ्तार, सर्राफ की भूमिका जांच के दायरे में।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैंकाक से सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य सीमा शुल्क की जांच से बचने के लिए सोने के गहनों पर चांदी की परत चढ़वाकर भारत लाते थे। गहने पहनकर आने के कारण उन पर सामान्य तौर पर संदेह नहीं होता था। कड़े और चेन जैसे सोने के गहनों पर चांदी की कोटिंग कराकर उन्हें चांदी का बताने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि बांसगांव क्षेत्र के मऊखुर्द निवासी दीपक तिवारी और उसका भाई मुकेश तिवारी बैंकाक में रहकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। इनके लिए गोरखपुर में कई लोग काम करते थे। अब इस मामले में घंटाघर के एक सर्राफ की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सीमा शुल्क विभाग की राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) भी तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दीपक और मुकेश अपने माता-पिता के साथ बैंकाक में रहते हैं। गोरखपुर में उनके लिए आशुतोष शुक्ला काम करता था। सुनील मिश्रा दीपक का साला है और वह भी इसी नेटवर्क से जुड़ा था। अजय यादव भी दीपक के लिए काम करता था। चंदन तिवारी जेल भेजे गए आशुतोष का साला है।
कृष्णकांत मुख्य आरोपित दीपक का भतीजा और आयुष उर्फ निखिल व प्रियांशु उसके भांजे बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी अलग-अलग भूमिका में सोने को बैंकाक से भारत लाने और उसकी बिक्री कराने के काम में जुड़े थे। पूछताछ में तस्करी के इस तरीके की जानकारी सामने आई है।
आरोपितों के मुताबिक, सोना और चांदी को लेकर सीमा शुल्क के नियमों में अंतर का फायदा उठाने के लिए यह तरीका अपनाया जाता था। सोने के गहने बनवाकर उन्हें पहन लेते थे और फिर उन पर चांदी की कोटिंग करा देते थे। इससे गहने चांदी के नजर आते थे। कड़ा भी सोने का था, लेकिन उस पर चांदी की परत चढ़ी हुई थी।
आरोपितों ने बताया कि सोना 20 ग्राम तक लाने की छूट है, जबकि इससे अधिक लाने पर 15 प्रतिशत कर देना पड़ता है। चांदी की सीमा अधिक होने के कारण वे सोने को चांदी बताकर लाते हैं। इन दावों और तस्करी के तरीके की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं।
कैंट थाना पुलिस की टीम कृष्णकांत व चंदन तिवारी की तलाश में छापेमारी कर रही है। उनके पकड़े जाने पर ही शेष सोना बरामद होने की उम्मीद है। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि नामजद आरोपितों की तलाश चल रही है। उनके पकड़े जाने पर नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में निर्वाचन आयोग की टीम ने दो बूथों पर परखी पुनरीक्षण की हकीकत, BLO एप और फार्मों का जाना हाल
22 नवंबर को कोलकाता के रास्ते पहुंचा था गोरखपुर
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को आशुतोष बैंकाक से कोलकाता होते हुए गोरखपुर पहुंचा था। उसके साथ सोने के गहने थे। यहां घंटाघर में उनकी बिक्री की तैयारी थी। इसी मामले में छात्रसंघ चौराहे पर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आशुतोष शुक्ला और सुनील मिश्रा को गिरफ्तार कर करीब 960 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद बरामद किए थे। बरामद सोने की कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बैंकाक से सोना लाने, गोरखपुर में उसे खपाने और भुगतान करने की पूरी व्यवस्था कैसे संचालित होती थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।