गोरखपुर में निर्वाचन आयोग की टीम ने दो बूथों पर परखी पुनरीक्षण की हकीकत, BLO एप और फार्मों का जाना हाल
भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने गोरखपुर के दो बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखी। टीम ने बीएलओ से एप पर कामकाज, प्राप्त फार्मों और मतदाताओं की आयु संबंधी जानकारी ली।

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने बीएलओ से एप पर कामकाज और प्राप्त फार्मों की ली जानकारी। जागरण
HighLights
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने टीम का नेतृत्व किया।
गोरखपुर के दो बूथों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण की हकीकत परखी गई।
बीएलओ से एप कामकाज और प्राप्त फार्मों की जानकारी ली गई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग के नेतृत्व में आई टीम ने शुक्रवार सुबह शहर के दो बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखी। टीम ने बीएलओ से सीधे संवाद कर मतदाताओं के पंजीकरण, फार्मों की संख्या और मतदाताओं की आयु से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम दीपक मीणा और उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश भी मौजूद रहे।
टीम सबसे पहले गोरखनाथ स्थित पॉलीटेक्निक में बने बूथ पर पहुंची। इसके बाद पादरी बाजार के पास जंगल सुहान अली विद्यालय स्थित बूथ का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने बीएलओ से पूछा कि बीएलओ एप पर किस तरह काम किया जा रहा है और अब तक कितने फार्म प्राप्त हुए हैं।
फार्म भरने के लिए किन आयु वर्ग के लोग अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं, इसकी भी जानकारी ली। अधिकारियों ने एप के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और मतदाताओं से संपर्क की प्रक्रिया को समझा। निरीक्षण का उद्देश्य पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और बूथ स्तर पर आ रही व्यावहारिक दिक्कतों का आकलन करना रहा।
यह भी पढ़ें- जागरण एजेंडा: प्रवेश पंजीकरण में पिछड़ा गोरखपुर विश्वविद्यालय, सेमेस्टर परीक्षा पर लगा ब्रेक
आयोग की टीम ने गुरुवार को गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडल के 11 जिलों की निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की थी। टीम आज विंध्याचल और आजमगढ़ मंडल के छह जिलों की तैयारियों की समीक्षा करेगी।
यह भी पढ़ें- कैफुलवरा अंसारी फिर बने उर्दू अकादमी चेयरमैन, बोले- अकादमी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य