जागरण एजेंडा: प्रवेश पंजीकरण में पिछड़ा गोरखपुर विश्वविद्यालय, सेमेस्टर परीक्षा पर लगा ब्रेक
गोरखपुर विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं प्रवेश पंजीकरण प्रक्रिया पूरी न होने के कारण दिसंबर के अंत तक टल सकती हैं। शैक्षणिक कैलेंडर के विपरीत, समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण में देरी और तिथियों के विस्तार से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय।
HighLights
विषम सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर अंत तक टलेंगी।
प्रवेश पंजीकरण प्रक्रिया पूरी न होने से देरी।
समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण में आ रही बाधा।
डाॅ. राकेश राय, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है। विश्वविद्यालय का शैक्षणिक कैलेंडर जहां नवंबर के तीसरे सप्ताह में परीक्षाएं संपन्न कराने का संकेत दे रहा था, वहीं हकीकत यह है कि नवंबर बीतने को है और अभी परीक्षा की तैयारी ताे दूर, प्रवेश पंजीकरण प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो सकी है।
स्नातक और परास्नातक के पहले और तीसरे सेमेस्टर का प्रवेश पंजीकरण अधूरा होने के चलते परीक्षा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। ऐसे में परीक्षा कम से कम एक महीने विलंब से होने की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।
स्नातक व परास्नातक के पहले व तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों का पंजीकरण समर्थ पोर्टल के माध्यम से होना है। विश्वविद्यालय का कहना है कि पोर्टल से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के चलते प्रक्रिया प्रभावित हुई है। दूसरी ओर स्नातक के पांचवें सेमेस्टर का पंजीकरण विश्वविद्यालय स्तर पर होना था, इसलिए उसे पूरा कर लिया गया है। लेकिन जब तक विषम सेमेस्टर के सभी विद्यार्थियों का पंजीकरण पूरा नहीं होता, तब तक परीक्षा की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना संभव नहीं है।
इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं के लिए लगातार तिथियां बढ़ाई हैं। परीक्षा नियंत्रक की ओर से 25 नवंबर को जारी सूचना के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के विषम सेमेस्टर में प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के पंजीकरण को छोड़कर अन्य विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क और परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 24 नवंबर से बढ़ाकर 28 नवंबर कर दी गई है।
निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल विलंब शुल्क के साथ ही खोला जा सकता है। दूसरी सूचना में स्नातक और परास्नातक के विषम सेमेस्टर के बैक पेपर और ईयर गैप के विद्यार्थियों को भी राहत दी गई है। समर्थ पोर्टल पर होने वाले पंजीकरण को छोड़कर इन विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क और परीक्षा फार्म भरने की तिथि भी 24 नवंबर से बढ़ाकर 28 नवंबर कर दी गई है।
आंतरिक और प्रायोगिक अंकों के लिए भी मोहलत
परीक्षा की तैयारियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी आंतरिक और प्रायोगिक परीक्षाओं के अंकों का आनलाइन अपलोड होना है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने पहले 25 नवंबर तक पोर्टल खोला था। महाविद्यालयों के प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों के अनुरोध पर कुलपति के आदेश से 26 नवंबर को जारी सूचना के माध्यम से इसकी अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। परीक्षा नियंत्रक ने सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्धारित समय के भीतर अंक आनलाइन अपलोड कराने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर की रोहिन नदी में 10 दिन के भीतर 3 लोग डूबे, शवों की तलाश जारी; मगरमच्छों की आशंका से दहशत
दिसंबर के अंत में ही बन पाएगी परीक्षा की राह
विश्वविद्यालय में परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया पंजीकरण पूरा होने के बाद ही आगे बढ़ेगी। इसके बाद परीक्षा की तैयारियों और समय सारिणी जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ऐसे में दिसंबर के अंतिम सप्ताह से पहले विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने की संभावना नहीं दिख रही। इसका सीधा असर विद्यार्थियों के अगले सेमेस्टर की पढ़ाई, परीक्षा परिणाम और पूरे शैक्षणिक सत्र की समयबद्धता पर पड़ सकता है।
पंजीकरण और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए तिथियां बढ़ाई गई हैं। महाविद्यालयों को 30 नवंबर तक आंतरिक एवं प्रायोगिक परीक्षा के अंक अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जल्द परीक्षा की समय सारिणी जारी की जाएगी।
-डा. कुलदीप सिंह, परीक्षा नियंत्रक, दीदउ गोरखपुर विश्वविद्यालय
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।