गोरखपुर में रुपयों के लेनदेन में सड़क पर हुआ विवाद, पुलिस को मिले 43.95 लाख
गोरखपुर के ट्रांसपोर्टनगर में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने दो युवकों के पास से 43.95 लाख रुपये बरामद किए। पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है और नकदी के स्रोत व हवाला कनेक्शन की जांच की जा रही है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
गोरखपुर में रुपये के लेनदेन पर दो युवकों में विवाद।
पुलिस ने मौके से 43.95 लाख रुपये नकद बरामद किए।
आयकर विभाग और हवाला कनेक्शन की जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रुपये के लेनदेन को लेकर बुधवार की रात ट्रांसपोर्टनगर में दो युवकों के बीच विवाद हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों के बैग की तलाशी में 43 लाख 95 हजार 600 रुपये बरामद हुए। नकदी के स्रोत का हिसाब न दे पाने पर राजघाट थाना पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है। सड़क पर विवाद करने के मामले में टीपीनगर चौकी प्रभारी ने दोनों के विरुद्ध मारपीट व आवागमन बाधित करने का मुकदमा दर्ज कराया है। अब रकम के स्रोत और हवाला कनेक्शन की जांच की जा रही है।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने गुरुवार की दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात 10 बजे चौकी प्रभारी ट्रांसपोर्टनगर सुधीर कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्तियों के बीच विवाद होने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि बैग रखने को लेकर विवाद हो रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों के बैग की तलाशी ली तो उनके पास से 43 लाख 95 हजार 600 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उनकी पहचान तारामंडल के विवेकपुरम निवासी विकास पांडेय और हरपुर बुदहट के टिकरिया निवासी दुर्विजय यादव के रूप में हुई है।
विकास पांडेय के बैग से 26 लाख 14 हजार 700 रुपये और दुर्विजय यादव के बैग से 17 लाख 80 हजार 900 रुपये मिले। पूछताछ में दोनों रुपये के स्रोत के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। बरामद नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। अब विभाग यह पता लगाएगा कि रुपये कहां से आए थे और कहां ले जाए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- कैफुलवरा अंसारी फिर बने उर्दू अकादमी चेयरमैन, बोले- अकादमी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य
नकदी के लेनदेन में हवाला का इस्तेमाल होने की आशंका को देखते हुए इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। यदि जांच में नकदी अवैध पाई जाती है तो आयकर विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए विकास पांडेय व दुर्विजय यादव का गुरुवार दोपहर बाद शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।