विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे में गुड्स ट्रेन मैनेजर की 60 प्रतिशत सीधी भर्ती का प्रस्ताव, खाली पदों की कमी दूर करने की बड़ी पहल

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:07 AM (IST)

रेलवे ने गुड्स ट्रेन मैनेजर के पदों पर सीधी भर्ती का कोटा 25% से बढ़ाकर 60% करने का प्रस्ताव दिया है। यह बदलाव खाली पदों को भरने, माल ढुलाई परिचालन को सुचारु बनाने और योग्य स्नातकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद करेगा, क्योंकि वर्तमान में गार्डों की भारी कमी है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. गुड्स ट्रेन मैनेजर सीधी भर्ती कोटा 60% हुआ।

  2. खाली पदों को भरने में मिलेगी बड़ी मदद।

  3. मालगाड़ियों का परिचालन होगा अधिक सुरक्षित।

प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे सहित देशभर के जोनल रेलवे में गुड्स ट्रेन मैनेजर (गार्ड) के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने की तैयारी है। रेलवे के यातायात परिवहन निदेशालय ने इस श्रेणी में सीधी भर्ती का कोटा 25 से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया है। इससे रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के माध्यम से योग्य स्नातकों की सीधी नियुक्ति का रास्ता आसान होगा। साथ ही पदोन्नति के लिए फीडर कैडर के कर्मचारियों पर निर्भरता भी कम होगी।

इससे योग्य स्नातकों की उपलब्धता बढ़ेगी, भर्ती प्रक्रिया को गति मिलेगी और प्रशिक्षण के बाद कर्मचारियों की तैनाती में सहूलियत होगी। गुड्स ट्रेन मैनेजर के रिक्त पदों को भरने में मदद मिलेगी। भारतीय रेलवे स्तर पर परिचालन संबंधी बाधाएं कम होंगी। माल ढुलाई व्यवस्था को अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

वर्तमान व्यवस्था में गुड्स ट्रेन मैनेजर के पदों को भरने में कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं। विभागीय चयन के लिए फीडर कैडर के कर्मचारियों, विशेषकर प्वाइंट्समैन ए और प्वाइंट्समैन बी को कार्यमुक्त नहीं किए जाने से पदोन्नति की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

वहीं, प्रवेश स्तर के प्वाइंट्समैन (लेवल-1) पदों पर रेलवे भर्ती बोर्ड और रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के पैनल में देरी अथवा पैनल उपलब्ध नहीं होने से भी योग्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। इसके अलावा, कई कर्मचारी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, लिखित परीक्षा और चिकित्सा संबंधी मानकों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में गुड्स ट्रेन मैनेजर पद पर पदोन्नति के लिए पात्र कर्मचारियों की संख्या लगातार प्रभावित हो रही है।

जानकारों का कहना है कि रेलवे परिचालन में गुड्स ट्रेन मैनेजर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मालगाड़ियों के सुरक्षित संचालन और परिचालन प्रबंधन की जिम्मेदारी से जुड़ी इस श्रेणी में कर्मचारियों की कमी का असर सीधे रेल परिचालन पर पड़ रहा है। इसे देखते हुए सीधी भर्ती का कोटा बढ़ाने तथा सामान्य चयन प्रक्रिया के 60 प्रतिशत कोटा को घटाकर 25 प्रतिशत कर दिया गया है। साथ ही एआइआरएफ और एनएफआइआर दोनों फेडरेशनों से सुझाव मांगा है।

दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे में गुड्स ट्रेन मैनेजर की भारी कमी है। मालगाड़ियां बिना गार्ड के ही चल रही हैं। रिकार्ड पर नजर दौड़ाएं तो सितंबर, 2025 तक वाराणसी मंडल में 96 और लखनऊ मंडल में गार्डों के 72 पद खाली चल रहे थे। जिसमें सर्वाधिक गुड्स गार्ड के पद शामिल थे। आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के सहायक महामंत्री बसंत लाल चतुर्वेदी ने इसे संरक्षा और सुरक्षा से खिलवाड़ बताया है। फेडरेशन ने स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक में रेलवे बोर्ड से गार्डों के खाली पद को भरने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर गोरखपुर में मंथन, स्वदेशी नस्लों के संवर्धन से ही चमकेगी पशुपालकों की किस्मत

बिना गार्ड चल रहीं मालगाड़ियां, लोको पायलट लगा रहे टेल लैंप
गार्डों की कमी के चलते मालगाड़ी लेकर चलने वाले लोको पायलट अब इंजन संभालने के साथ ट्रेन के पीछे जाकर टेल लैंप भी लगा रहे हैं। ट्रेन के अंतिम डिब्बे की पहचान कराने वाले इस संकेतक को लगाने और उसकी स्थिति की निगरानी का जिम्मा भी अब लोको पायलटों को सौंप दी गई है। रनिंग स्टाफ में नाराजगी है। उनका सवाल है कि ट्रेन चलाने पर ध्यान दें या पीछे जाकर लैंप लगाने और उसकी निगरानी में समय लगाएं?

यह भी पढ़ें- गाय-बकरी समेत उन्नत पशुपालन से बढ़ेगी आय, 114 किसानों ने ली वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।