राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर गोरखपुर में मंथन, स्वदेशी नस्लों के संवर्धन से ही चमकेगी पशुपालकों की किस्मत
गोरखपुर में पशुपालन विभाग ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया, जिसमें अपर निदेशक डॉ. वेद प्रकाश ने स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण और वैज्ञानिक पशुपालन पर जोर दिया। कार्यक्रम में दूध के पोषण महत्व, ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भूमिका और डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान पर चर्चा हुई, साथ ही उत्कृष्ट गो-आश्रय स्थलों को सम्मानित किया गया।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
पशुपालन विभाग ने गोरखपुर में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन किया।
डॉ. वेद प्रकाश ने स्वदेशी गोवंश संरक्षण पर विशेष बल दिया।
उत्कृष्ट गो-आश्रय स्थलों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पशुपालन विभाग की ओर से गुरुवार को विकास भवन स्थित सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के महत्व व इसके प्रमुख उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।अध्यक्षीय संबोधन में अपर निदेशक (ग्रेड-2) डा. वेद प्रकाश ने मानव जीवन में दूध के पोषण संबंधी महत्व तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं पशुपालकों की आजीविका में दुग्ध उत्पादन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने पशुपालकों से स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर देने की बात कही। वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. नवीन कुमार वर्मा द्वारा मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम के नोडल डा. वेद प्रकाश का स्वागत कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद में गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गो-आश्रय स्थलों एवं गोशालाओं के संचालकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें- गाय-बकरी समेत उन्नत पशुपालन से बढ़ेगी आय, 114 किसानों ने ली वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी कैंपियरगंज डा. चंद्रशेखर ने दूध में मिलावट की पहचान, दूध के मार्केटिंग पर विस्तार से जानकारी दी। पशु चिकित्सा अधिकारी सरदारनगर डा. अजय पटेल ने श्वेत क्रांति के जनक डा. वर्गीज कुरियन के जीवन इतिहास एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन पशु चिकित्साधिकारी झंगहा डा. सुबोध कुमार सिंह ने किया।