गोरखपुर में जागरण पड़ताल: सर्द रातों में बेड को 'जरूरतमंदों' का इंतजार, फुटपाथ पर ठिठुर रही 'जिंदगी'
गोरखपुर में कड़ाके की ठंड के बावजूद रैन बसेरे खाली पड़े हैं, जबकि बेसहारा लोग सड़कों पर रात बिता रहे हैं। दैनिक जागरण की पड़ताल में कई रैन बसेरों में अधूरे निर्माण और प्रचार की कमी सामने आई।

धर्मशाला बाजार रैन बसेरा। जागरण
HighLights
सर्द रातों में भी गोरखपुर के रैन बसेरे खाली पड़े हैं।
कई रैन बसेरों में अभी भी निर्माण कार्य जारी है।
प्रचार-प्रसार की कमी से जरूरतमंदों को जानकारी नहीं मिल रही।
सुनील सिंह, गोरखपुर। पारा गिरने के साथ ही शहर की रातें सर्द होने लगी हैं, लेकिन बेसहारा और मुसाफिरों को ठंड से बचाने के इंतजाम अभी 'रंग-रोगन' के दौर से ही बाहर नहीं निकल पाए हैं। विडंबना यह है कि एक तरफ शहर के रैन बसेरों में सजे बिस्तर जरूरतमंदों की बाट जोह रहे हैं, तो दूसरी तरफ जानकारी और प्रचार-प्रसार के अभाव में तमाम लोग सड़क किनारे, नाले की पटरी और फ्लाईओवर के नीचे खुले आसमान तले रात गुजारने को मजबूर हैं।
दैनिक जागरण की टीम ने जब रात के अंधेरे में शहर के प्रमुख रैन बसेरों की हकीकत खंगाली, तो व्यवस्था और हकीकत के बीच का बड़ा फासला सामने आया। कहीं 127 बेड के विशाल हॉल में सन्नाटा पसरा मिला, तो कहीं बिखरे बिस्तर और निर्माण कार्य की धूल व्यवस्था को मुंह चिढ़ाती नजर आई।
रात 8:30 बजे : छात्र संघ भवन: 15 बेड, मुसाफिर सिर्फ एक
पड़ताल की शुरुआत छात्र संघ भवन के पास संचालित रैन बसेरे से हुई। यहां पुरुषों के लिए 10 और महिलाओं के लिए पांच बेड लगाए गए हैं, लेकिन 14 बेड खाली पड़े थे। पूरे केंद्र में सिर्फ लखनऊ से वेब डेवलपर का साक्षात्कार देने आए राज मौजूद मिले। उन्हें छत तो मिल गई, लेकिन अव्यवस्था ऐसी कि अन्य बेड पर चादरें और बिस्तर बेतरतीब बिखरे पड़े थे।

रात 8:45 बजे : रेलवे स्टेशन: टाइल्स और पेंट की गंध के बीच ठिकाना
सबसे व्यस्त रहने वाले रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रैन बसेरे में महिलाओं और पुरुषों के लिए 10-10 बेड की व्यवस्था है। यहां वाराणसी जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे सुल्तानपुर के अजय कुमार मौर्य ठहरे मिले। रैन बसेरे में टाइल्स लगाने और पेंटिंग का काम चल रहा था, जिससे ठहरने वालों को निर्माण कार्य के शोर और अव्यवस्था के बीच ही रात काटनी पड़ रही है।
रात 9:00 बजे : गोरखनाथ: 127 की क्षमता, ठहरे मिले महज 20 लोग
शहर के सबसे बड़े गोरखनाथ रैन बसेरे में 127 बेड की व्यवस्था है, लेकिन रात नौ बजे तक यहां केवल 20 लोग ही पहुंचे थे। यहां भी पेंट-पॉलिश का काम अधूरा मिला। हालांकि, बाहर से आने वालों के लिए यह बड़ा सहारा साबित हो रहा है। यहां गोंडा के अखिलेश पांडेय, मोतिहारी के निरंजन कुमार, कुशीनगर के रामअशीष व दुर्गा प्रसाद, श्रावस्ती के सलीम व मुस्ताक खां और गाजियाबाद के अमित ठहरे मिले। वहीं लखनऊ के दीपक, पूर्वी चंपारण के कुंदन कुमार और सिवान के अजय कुमार नौकरी के साक्षात्कार के सिलसिले में यहां रुके थे।

धर्मशाला स्थित रैन बसेरे में पुरुषों के लिए 27 और महिलाओं के लिए 17 बेड (कुल 44) निर्धारित हैं। पड़ताल के समय यहां बिहार के पटना निवासी संजय राय ठहरे मिले। इस केंद्र पर भी रंगाई-पुताई का काम चलता मिला।
क्या है समाधान: पड़ताल से साफ है कि शहर में बेड की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत इस बात की है कि रेस्क्यू अभियान चलाकर फुटपाथ पर सोने वालों को इन रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए। साथ ही, ठंड बढ़ने से पहले सभी केंद्रों का निर्माण व रंगाई-पुताई का काम पूरा कर बिस्तरों को दुरुस्त किया जाए।
यह भी पढ़ें- 'साहब, मेरा बेटा दिला दीजिए, उसके बिना जी नहीं पाऊंगी', गोरखपुर में 5 साल के आरुष की तलाश में दर-दर भटकती रही मां
महिला रैन बसेरे में सुरक्षित ठिकाना, 39 बेड पर मिलीं 12 महिलाएं
गोरखनाथ में महिलाओं के लिए अलग से 39 बेड का रैन बसेरा संचालित है, जो बाहर से आने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित ठिकाना साबित हो रहा है। पड़ताल के दौरान यहां 12 महिलाएं मौजूद मिलीं। इनमें कोई इलाज व दवा लेने के लिए शहर आई थी, तो कोई सुबह की ट्रेन पकड़ने के इंतजार में थी। पुरुषों से अलग व्यवस्था होने के कारण महिलाओं ने यहां की सुरक्षा और सुविधा पर संतोष जताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।