गोरखपुर में पुलिया से नाले में गिरा मजदूर, 12 घंटे की रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव
गोरखपुर के चरगांवा में एक मजदूर पुलिया से गहरे नाले में गिर गया, जिसकी तलाश रातभर की गई। 12 घंटे बाद शुक्रवार सुबह उसका शव नाले में उतराता मिला, जिसकी पहचान रमाकांत राम के रूप में हुई।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
मजदूर पुलिया से नाले में गिरा, संतुलन बिगड़ा।
रातभर तलाश के बाद 12 घंटे बाद शव मिला।
स्थानीय लोगों ने आर्थिक मदद कर शव भेजा।
संवाद सूत्र, चरगांवा (गोरखपुर)। पुलिया पर बैठे मजदूर का अचानक संतुलन बिगड़ा और वह गहरे नाले में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
रातभर पुलिस और स्थानीय लोग तलाश करते रहे। 12 घंटे बाद शुक्रवार सुबह उसका शव नाले में उतराता मिला। मृतक की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के पिपरिया गांव निवासी 46 वर्षीय रमाकांत राम के रूप में हुई। वह बिछिया में किराये का मकान लेकर मजदूरी करता था।
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे की है। जंगल तुलसीराम स्थित बिछिया ताड़ीखाना के पास पुलिया पर रमाकांत बैठा था। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने रातभर नाले में उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा और पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे नाले में शव दिखाई देने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रमाकांत की बहन रुचन देवी भी बिछिया में किराये के मकान में रहती हैं। परिवार के अन्य सदस्य बिहार में रहते हैं।
यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सख्त, EVM जागरूकता और पेड न्यूज पर पैनी नजर
भाई का शव गांव ले जाने के लिए उसके पास रुपये नहीं थे। स्थानीय लोगों ने आपस में चंदा जुटाकर आर्थिक सहायता दी,पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बहन गांव चली गई।
शाहपुर थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मजदूर की मौत नाले में गिरने से होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के प्रोडक्ट की अब ग्लोबल मार्केट में होगी धमक, वैश्विक बाजार दिलाने पहुंचेंगे पांच देशों के खरीदार