विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के प्रोडक्ट की अब ग्लोबल मार्केट में होगी धमक, वैश्विक बाजार दिलाने पहुंचेंगे पांच देशों के खरीदार

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:47 PM (IST)

गीडा के उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है, जिसके लिए गीडा के स्थापना दिवस पर पांच देशों के प्रतिनिधियों और 36 राष्ट्रीय खरीदारों के साथ बायर-सेलर मीट का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गीडा उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की पहल।

  2. पांच देशों के प्रतिनिधि बायर-सेलर मीट में शामिल होंगे।

  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समारोह का शुभारंभ करेंगे।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गीडा में बनने वाले उत्पादों की पहुंच अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक बनाने की तैयारी है। स्थानीय उद्यमियों को विदेशी खरीदारों से सीधे जोड़ने की पहल रंग लाने लगी है। गीडा के स्थापना दिवस पर पहली बार पांच देशों के प्रतिनिधि बायर-सेलर मीट में शामिल होने गोरखपुर पहुंचेंगे।

जापान, नेपाल, आस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के करीब 15 प्रतिनिधियों ने इसमें शामिल होने की सहमति दी है। इनके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से 36 खरीदार भी पहुंचेंगे। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार खुलने और निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सीएम योगी करेंगे समारोह का शुभारंभ

गीडा की ओर से 29 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समारोह का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद बायर-सेलर मीट होगी। इसमें विदेशी प्रतिनिधियों और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले खरीदारों के सामने गीडा की औद्योगिक इकाइयों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

स्थानीय उद्यमियों को खरीदारों से सीधे बातचीत करने और अपनी उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता तथा उत्पादों की विशेषताओं से परिचित कराने का अवसर मिलेगा।

अब तक गीडा के उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए दूसरे राज्यों और देशों के खरीदारों तक पहुंच बनाने के लिए अलग से प्रयास करना पड़ता था। इस आयोजन से खरीदार सीधे औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचेंगे। इससे कारोबार के नए रास्ते खुलने के साथ ही स्थानीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय मांग का आकलन भी हो सकेगा।

गोरखपुर पहुंचेंगे पांच देशों के प्रतिनिधि

चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह का कहना है कि गीडा के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए बायर-सेलर मीट का दायरा बढ़ाया जा रहा है। पांच देशों के प्रतिनिधियों का पहुंचना भविष्य के लिए बेहतर संकेत है। गीडा में वैश्विक मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार हो रहे हैं। सालाना करीब 150 करोड़ रुपये का निर्यात भी इसकी संभावनाओं को दर्शाता है।

संयुक्त निदेशक उद्योग गौरव मिश्रा ने बताया कि पांच देशों के दूतावासों के माध्यम से प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। उनकी सहभागिता की सहमति मिल गई है। देश के विभिन्न प्रदेशों से भी 36 खरीदार पहुंच रहे हैं। इस पहल से स्थानीय उद्यमियों को नए कारोबारी संपर्क बनाने और निर्यात के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में ठंड से बचाव के लिए श्रमिकों को मिलेगा फ्री आश्रय और भोजन, 18 जिलों में खुलेंगे लेबर अड्डे

यह भी पढ़ें- यूपी के हर थाने में बनेगी गवाह सुरक्षा यूनिट, महिलाओं और बच्चों को जांच के दौरान मिलेगी आर्थिक मदद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।