विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में ठंड से बचाव के लिए श्रमिकों को मिलेगा फ्री आश्रय और भोजन, 18 जिलों में खुलेंगे लेबर अड्डे

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:28 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में निर्माण श्रमिकों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक अस्थायी लेबर अड्डे बनाए जाएंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 18 जिलों में अस्थायी लेबर अड्डे बनेंगे।

  2. श्रमिकों को नि:शुल्क रात्रि विश्राम और भोजन मिलेगा।

  3. अपंजीकृत श्रमिक भी पहचान पत्र से लाभ ले सकेंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कड़ाके की ठंड में निर्माण श्रमिकों को खुले में रात नहीं बितानी पड़ेगी। प्रदेश के 18 जिलों में अस्थायी लेबर अड्डे बनाए जाएंगे, जहां निश्शुल्क रात्रि विश्राम और प्रतिदिन एक समय का भोजन मिलेगा। सुविधा के लिए श्रम विभाग में पंजीकरण जरूरी नहीं होगा। पहचान पत्र दिखाकर अपंजीकृत श्रमिक भी इसका लाभ ले सकेंगे। व्यवस्था एक दिसंबर से 31 जनवरी तक चलेगी।

श्रम विभाग ने डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत यह पहल की है। अपर मुख्य सचिव श्रम डा. आशीष कुमार गोयल ने जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

खुलेंगे 30 और 60 बिस्तरों की क्षमता वाले केंद्र

श्रमिकों की संख्या और जरूरत के अनुसार 30 और 60 बिस्तरों की क्षमता वाले केंद्र बनेंगे। जरूरत पड़ने पर एक जिले में एक से अधिक केंद्र खोले जा सकेंगे। इन्हें रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, श्रमिक मंडियों, औद्योगिक क्षेत्रों और निर्माण स्थलों के पास स्थापित किया जाएगा।

केंद्रों पर बिस्तर, गद्दा, चादर, तकिया और कंबल के साथ स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर, रोशनी, हवा और नियमित सफाई की व्यवस्था होगी। जरूरत के अनुसार सुरक्षित हीटिंग भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग ठहरने की सुविधा होगी। प्रत्येक केंद्र पर केयरटेकर और चौकीदार तैनात रहेंगे। भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता का ध्यान रखा जाएगा। एक श्रमिक के भोजन पर अधिकतम 70 रुपये खर्च होंगे।

इन श्रमिकों को मिलेगा लाभ

राजमिस्त्री, बेलदार, मजदूर, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, लोहार और टाइल्स लगाने समेत अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक पात्र होंगे। रोजगार की तलाश में आए प्रवासी मजदूर भी लाभ ले सकेंगे। केंद्रों पर पंजीकरण की सुविधा भी होगी।

दो महीने के संचालन के लिए 30 बिस्तरों वाले केंद्र पर 5.92 लाख और 60 बिस्तरों वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये खर्च किए जा सकेंगे। भोजन वितरण व श्रमिकों की संख्या का सत्यापन दैनिक उपस्थिति पंजिका और जियो टैग तस्वीरों से होगा।

यह भी पढ़ें- यूपी के हर थाने में बनेगी गवाह सुरक्षा यूनिट, महिलाओं और बच्चों को जांच के दौरान मिलेगी आर्थिक मदद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।