गाय-बकरी समेत उन्नत पशुपालन से बढ़ेगी आय, 114 किसानों ने ली वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी
गोरखपुर में पशुपालन विभाग ने 114 प्रगतिशील पशुपालकों के लिए एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया। इसमें उन्हें आधुनिक पशुपालन, वैज्ञानिक प्रबंधन और स्वरोजगार के तरीकों से आय बढ़ाने की जानकारी मिली।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
114 पशुपालकों ने आधुनिक पशुपालन और वैज्ञानिक प्रबंधन का प्रशिक्षण लिया।
कृषि विज्ञान केंद्र में संतुलित आहार और पशु स्वास्थ्य पर जानकारी मिली।
राजपुर गांव में आधुनिक बकरी पालन यूनिट का अवलोकन किया गया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिले के पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन, वैज्ञानिक प्रबंधन और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पशुपालन विभाग द्वारा एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट (शैक्षणिक भ्रमण) का आयोजन किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के कुशल निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंड से कुल 114 प्रगतिशील पशुपालकों ने प्रतिभाग किया।
भ्रमण के प्रथम चरण में पशुपालकों को कृषि विज्ञान केंद्र चौक माफी, कैंपियरगंज ले जाया गया। केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डा. आरके सिंह तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. संदीप उपाध्याय ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए उन्नत पशुपालन, संतुलित पशु आहार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन के साथ-साथ बागवानी और जैविक खेती के लाभों पर विस्तार से तकनीकी जानकारी दी।

उन्होंने किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाकर अपनी आय दोगुणी करने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के द्वितीय चरण में पशुपालकों को राजपुर गांव में नेशनल लाइवस्टाक मिशन (एनएलएम) के अंतर्गत स्थापित आधुनिक बकरी पालन यूनिट का अवलोकन कराया गया।
यहां पशुपालकों ने व्यावसायिक बकरी पालन के सफल माडल, आधुनिक शेड प्रबंधन, नस्ल सुधार और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न पशुपालन योजनाओं के लाभों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा।
यह भी पढ़ें- मतदाता सूची पुनरीक्षण: गोरखपुर में 28-29 नवंबर को सभी बूथों पर BLO, नाम जुड़वाने-सुधारने का मौका
उपस्थित पशु चिकित्सा अधिकारियों ने पूरे भ्रमण के दौरान पशुपालकों का मार्गदर्शन किया और उन्हें विभागीय योजनाओं व पशु रोग नियंत्रण से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में जागरण पड़ताल: सर्द रातों में बेड को 'जरूरतमंदों' का इंतजार, फुटपाथ पर ठिठुर रही 'जिंदगी'