Updated: Fri, 09 May 2025 09:23 PM (IST)
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम जल्द ही गोरखपुर समेत 11 रूटों पर भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू करेगा। इस सेवा से भारत और नेपाल के बीच आवागमन आसान होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित मार्गों पर 52 सीटर बसें चलेंगी जो गोरखपुर अयोध्या वाराणसी दिल्ली जैसे शहरों को काठमांडू और पोखरा से जोड़ेंगी।
प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। गोरखपुर समेत 11 रूटों पर भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा जल्द शुरू होगी। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने नेपाल राष्ट्र की अधिकृत समितियों से समझौते के आधार पर प्रस्तावित मार्गों पर बसों के अनुबंध के लिए निविदा आमंत्रित किया है। भारत और पड़ोसी देश नेपाल के लोगों का एक-दूसरे देश में आवागमन सुगम होगा।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पहले से चला आ रहा रोटी-बेटी का संबंध और मजबूत होगा। आपसी सौहार्द के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के अंतर्गत प्रस्तावित मार्गों पर 52 सीटर साधारण, वातानुकूलित और हाई-इंड (लग्जरी वातानुकूलित बसें) अनुबंधित बसें चलाई जाएंगी। जो गोरखपुर, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ और राजधानी दिल्ली को भी नेपाल की राजधानी काठमांडू के अलावा पोखरा सहित प्रमुख पर्यटक स्थलों को जोड़ेंगी।
जानकारों का कहना है कि योगी सरकार की पहल पर परिवहन निगम लखनऊ मुख्यालय ने वर्ष 2025 की शुरुआत में ही भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू करने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और दिल्ली से प्रस्ताव मांगा था। प्रस्तावों की समीक्षा और मंथन के बाद मार्ग चिह्नित किए गए।
नेपाल राष्ट्र की अधिकृत समितियों, संस्थाओं व संचालकों के साथ बैठक कर भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू करने के लिए आपसी समझौते हुए। समझौता और आपसी सहमति के बाद उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा आरंभ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा समझौता के अनुसार एक दिन नेपाल राष्ट्र की बस तथा दूसरे दिन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस चलाई जाएगी। इसके लिए फेरा व समय सारिणी निर्धारित की जाएगी। यदि एक दिन नेपाल राष्ट्र की बस नहीं चली तो फिर से वह पूर्व निर्धारित समय पर ही चलेगी।
समझौता के अनुसार बस के पंजीयन तिथि से अधिकतम दस वर्ष तक बस का संचालन हो सकेगा। यद्यपि, नेपाल राष्ट्र और उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के बीच भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के लिए पांच वर्ष का ही समझौता हुआ है। संबंधित स्टेशन व डिपो प्रशासन भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के अंतर्गत चलने वाली बसों का प्राथमिकता के आधार पर सहयोग करेंगे।
भारत की तरह ही लगेगा नेपाल में भी किराया
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम का जो भारत में किराया निर्धारित है, लगभग वही किराया भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा में भी लगेगा। वर्तमान में परिवहन निगम की साधारण बसों में बेसिक 1.3 रुपये प्रति किमी, एसी टू बाई टू बसों में 1.6 रुपये प्रति किमी तथा एसी टू बाई थ्री बसों में 1.45 रुपये प्रति किमी किराया निर्धारित है।
इन रूटों पर मिलेगी भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा
- गोरखपुर-सोनौली-काठमांडू
- दिल्ली-गोरखपुर-काठमांडू
- दिल्ली-गोरखपुर-पोखरा
- वाराणसी-गोरखपुर-सोनौली-काठमांडू
- अयोध्या-गोरखपुर-सोनौली-काठमांडू
- अयोध्या- नेपालगंज
- अयोध्या-वाराणसी-नेपालगंज
- अयोध्या-प्रयागराज-नेपालगंज
- दिल्ली-रुपईडीहा-नेपालगंज
- दिल्ली- महेंद्र नगर - लखनऊ-रुपईडीहा-नेपालगंज
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू करने के उद्देश्य से 11 रूटों के लिए निविदा आमंत्रित किया है। 26 मई तक निविदा आमंत्रित है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही बस सेवा शुरू हो जाएगी। भारत-नेपाल बस सेवा आरंभ होने से दोनों देशों के बीच आवागमन सुगम होगा। - लव कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक- परिवहन निगम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।