India Nepal Border: नोमेंस लैंड पर हो रही खेती, बना रहे मंदिर-मजार; UP के चार जिलों में 40 लोगों ने किया कब्जा
भारत नेपाल सीमा पर नोमेंस लैंड पर अतिक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश के चार जिलों में 21 स्थानों पर 40 लोगों ने अतिक्रमण किया है। अतिक्रमण हटाने के लिए एडीजी जोन ने चारों जिलों के जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।

गोरखपुर, सतीश पांडेय। भारत-नेपाल सीमा पर नोमेंस लैंड में 21 जगह कब्जा है। लखीमपुर खीरी में फसल लहलहा रही है, तो श्रावस्ती में अवैध निर्माण चल रहा है। बहराइच के रुपईडीहा में सीमा के पास तो मंदिर व मजार बन गए हैं। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के डीआइजी सीमांत मुख्यालय से पत्र आने के बाद नेपाल सीमा सुरक्षा के नोडल एडीजी जोन अखिल कुमार ने नोमेंस लैंड से अतिक्रमण हटवाने के लिए महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
570 किलोमीटर सीमा लगती है उत्तर प्रदेश के 11 जिलों से नेपाल की
उत्तर प्रदेश के 11 जिलों से नेपाल की 570 किलोमीटर सीमा लगती है। नोमेंस लैंड में अतिक्रमण किए जाने की शिकायत पर प्रदेश सरकार ने एसएसबी के अधिकारियों से अतिक्रमणकारियों की सूची मांगी थी। एसएसबी की पड़ताल में सामने आया कि महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी में 21 स्थानों पर नोमेंस लैंड में 40 लोगों ने अतिक्रमण किया है। इनमें 35 लोग खेती करते हैं। रुपंदेही जिले में एक जगह नेपाल राष्ट्र नगर पालिका और चितिपिरहवा गांव में पुलिस स्टेशन मैदेहावा का निर्माण कराया जा रहा है। एक जगह मंदिर व मजार का निर्माण हुआ है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के उप महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय लखनऊ ने अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) को भेजे गए अपने पत्र में अतिक्रमण व अवैध कब्जा करने वालों का नाम व पता भेजा है। अब इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
लखीमपुर खीरी में इन लोगों ने किया है अतिक्रमण
लखीमपुर खीरी में नेपाल के कैलाली जिले के रहने वाले डमर वीआइजी, दान सिंह कुमार, नेने सिंह, गोकुल, रंगे, गनू, गोविंद, अंबू ने नोमेंस लैंड पर अतिक्रमण किया है जिस पर खेती करते हैं। भारत की ओर से शेर सिंह, सुखपाल, अंग्रेज सिंह, अलामजीत, सुमंदर, चना, सुखा, जीत सिंह, राजेंद्र, चैतू, खोदिराम, सुरेश, सीता, मंजीत कुमा, बहादुर व खुशीराम अतिक्रमण कर खेती करते हैं।
जमीन पर अतिक्रमण कर बना ली गई है मजार
जमदान व फलटकरा गांव के निकट कुछ लोगों ने नोमेंस लैंड पर अतिक्रमण कर मजार बना ली है। एसएसबी ने पेट्रोलिंग में इसकी जानकारी होने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों को पत्र भेजा है। एसडीएम ने निकाय चुनाव होने के कारण कार्रवाई में देरी की बात स्वीकार की है। बताया कि पैमाइश के लिए टीम गठित की जा रही है। अगले सप्ताह तक चिह्नांकन करते हुए अतिक्रमण हटा दिया जाएगा।
नोमेंस लैंड के किनारे नेपाल में बढ़ रही आबादी
सोनौली कस्बा के पश्चिमी छोर पर नोमेंस लैंड के पिलर संख्या 519 से 520 के बीच नेपाल में हो रहे रिहायशी मकानों के निर्माण से सुरक्षा एजेंसी चिंतित है। इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट निर्माण स्थल के पश्चिम दिशा में शेख फरेंदा के केवटलिया टोला के पास नोमेंस लैंड के दोनों तरफ कई मकान बन रहे हैं। इसी तरह पिलर संख्या 520 के पास नेपाल के पिपरहिया गांव के समीप भी कई मकान बने हैं। यहां पर एसएसबी की 66वीं बटालियन ने नेपाल के रुपंदेही जिला के पिपरहिया गांव के निवासी मुबारक आलम की भूमि को नोमेंस लैंड तक अतिक्रमण की जद में आने वाली भूमि के रूप में चिंह्नित किया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
एडीजी जोन अखिल कुमार ने बताया कि नोमेंस लैंड में अतिक्रमण की जानकारी मिली है। सुरक्षा की दृष्टि से अतिक्रमण हटाने के लिए महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।