Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gorakhpur Zila Panchayat Result 2021: गोरखपुर में प्रत्याशी ने लगाया हराने का आरोप, आरओ के कमरे में घुसकर किन्नरों ने किया हंगामा

    By Pradeep SrivastavaEdited By:
    Updated: Wed, 05 May 2021 10:41 AM (IST)

    Gorakhpur Zila Panchayat Result 2021 गोरखपुर में एक प्रत्‍याशी ने अधिकारियों पर जबरन हराने का आरोप लगाते हुए उनके समर्थक किन्नरों के साथ बवाल किया। मंगलवार की रात किन्नर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत सदस्य चुनाव के रिटर्निंग आफिसर (आरओ) सुनील कुमार के कक्ष में पहुंच गए और हंगामा किया।

    Hero Image
    मतगणना में पक्षपात का आरोप लगाकार गोरखपुर में हंगामा करते लोग। - जागरण

    गोरखपुर, जेएनएन। Gorakhpur, UP Zila Panchayat Chunav Result 2021: जिला पंचायत वार्ड संख्या 33 खजनी तृतीय (भैंसा बाजार) से चुनाव लड़ने वाली सरिता देवी को जबरन हराने का आरोप लगाते हुए उनके समर्थक किन्नरों ने जमकर बवाल किया। मंगलवार की रात किन्नर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत सदस्य चुनाव के रिटर्निंग आफिसर (आरओ) सुनील कुमार के कक्ष में पहुंच गए और हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें बाहर निकाला। उनका आरोप था कि जीत उनकी हुई है और प्रमाण पत्र किसी और को दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रात में ही आरओ के कक्ष में पहुंच गए किन्‍नर

    रात करीब आठ बजे सरिता देवी व उनके साथ 50 से अधिक किन्नर पहुंच गए। वे विरोध करते हुए आरओ कक्ष में पहुंचे और हंगामा करने लगे। आनन-फानन में वहां पुलिस बुलानी पड़ी। करीब 10 मिनट कक्ष में रहने के बाद वे बाहर निकले और कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंच गए। सरिता देवी का कहना था कि वह 500 वोट से चुनाव जीत चुकी थीं। मतगणना स्थल पर उन्हें जीता हुआ बताया गया था। रात से ही उन्हें प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा है। मंगलवार की सुबह से भी वह प्रमाण पत्र के लिए दौड़ रही थीं लेकिन हर बार बहाना बनाया गया। उन्होंने आराेप लगाया कि उनकी प्रतिद्वंद्वी रंजीता को प्रमाण पत्र देकर दूसरे रास्ते से निकाल दिया गया। महिला थाने से बड़ी संख्या में फोर्स आने के बाद सरिता व उनके समर्थक इधर-उधर हो गए। हंगामा करने वाले किन्नर आरओ को बुलाने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में पक्ष जानने के लिए आरओ सुनील कुमार को फोन किया गया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

    वार्ड नंबर 32 के प्रमाण पत्र के लिए भी हुआ हंगामा

    खजनी क्षेत्र के ही वार्ड नंबर 32 में भी विजेता घोषित करने को लेकर हंगामा हुआ। यहां से बसपा समर्थित प्रत्याशी रजनी देवी व भाजपा प्रत्याशी रत्ना शुक्ला की ओर से जीत के दावे किए जाते रहे। रजनी देवी व उनके समर्थकों ने सोमवार को भी ब्लाक पर प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि वह चुनाव जीत चुकी हैं लेकिन इसकी घोषणा नहीं हो रही है। जिला मुख्यालय पर जांच करने के बाद रजनी देवी को विजेता घोषित किया गया। बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम राही ने बताया कि प्रशासन जानबूझकर गड़बड़ी कर रहा है। विरोध करने पर रजनी को प्रमाण पत्र दिया गया। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर एक, आठ व कुछ अन्य वार्डों के लोगों के बारे में अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। भाजपा ने सोमवार की रात जारी अपने विजयी प्रत्याशियों की सूची में वार्ड नंबर 32 से रत्ना शुक्ला का नाम शामिल किया था। हालांकि मंगलवार को इसे हटा लिया गया।

    वार्ड नंबर 21 को लेकर भी उठे सवाल

    जिला पंचायत वार्ड नंबर 21 को लेकर सपा ने सवा उठाया है। सपा जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि पाली ब्लाक के वार्ड नंबर 21 से सपा समर्थित प्रत्याशी बलवंत निषाद 248 मतों से चुनाव जीत चुके हैं। प्रत्याशियों को इसका चार्ट भी दे दिया गया है। उनका आरोप है कि स्थानीय भाजपा नेताओं के दबाव में सोमवार की रात से ही जिला प्रशासन द्वारा जीत का प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द प्रमाण पत्र देने की मांग की है।