Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP के इस शहर की अंधेरी गलियां होंगी रोशन, लगेंगी 1520 हाइब्रिड सोलर लाइटें

    By Jagran NewsEdited By: Vivek Shukla
    Updated: Fri, 13 Jun 2025 02:39 PM (IST)

    गोरखपुर में नगर निगम 21 करोड़ रुपये की लागत से 1520 हाइब्रिड सोलर लाइटें लगाने जा रहा है। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड ने सीएसआर फंड से इसके लिए पैसे दिए हैं। ये लाइटें सोलर ऊर्जा से चार्ज होंगी और बिजली ग्रिड को बिजली ट्रांसफर करेंगी। सोलर चार्जिंग कम होने पर ये खुद बिजली से जुड़ जाएंगी। इससे शहर की अंधेरी गलियां रोशन होंगी और बिजली पर निर्भरता कम होगी।

    Hero Image
    हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड ने नगर निगम को सीएसआर फंड से दिए 21 करोड़ रुपये

    जागरण संवाददाता, गाेरखपुर। शहर की अंधेरी गलियां भी रोशन होंगी। नगर निगम करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से 1520 हाइब्रिड सोलर लाइट लगाने जा रहा है। सोलर एनर्जी से चार्ज होने पर ये लाइटें न सिर्फ अंधेरा होने पर खुद जलने लगेंगी बल्कि आवश्यकता से ज्यादा बिजली पैदा होने पर बिजली ग्रिड को ट्रांसफर कर देंगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अलावा ये लाइटें खास तकनीक से लैस होंगी जो सोलर चार्जिंग कम होने पर खुद-ब-खुद बिजली से जुड़ कर रोशनी देंगी। देश की कई नामी-गिरामी कंपनियों ने इन लाइटों को लगाने के लिए रुचि दिखाई है।

    शहर के विभिन्न इलाकों के कई गली-मोहल्लों में अब भी अंधेरे में डूबे रहते हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत नए वार्डों में है। वहीं पुराने वार्डों के कई मोहल्लों में भी इसकी काफी दिक्कत बनी हुई है। नगर निगम की ओर से कराए गए सर्वे में 950 से ज्यादा बिजली के खंभों पर लाइटें नहीं लगी हुईं हैं।

    ऐसे में नगर निगम इन सभी खंभों पर हाइब्रिड सोलर लाइट लगाने जा रहा है। हाइब्रिड सोलर ये लाइटें स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल रोशनी देंगी। नगर निगम से प्रस्तावित इस योजना के पहले चरण में कुल 1520 हाइब्रिड सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। ये लाइटें हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के सहयोग से लगाई जाएंगी।

    हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड ने कार्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) फंड के 21 करोड़ रुपये नगर निगम को दिए हैं। इसके बाद नगर निगम ने इस फंड से शहर में स्ट्रीट लगाने का निर्णय लिया है। वहीं इस बार निगम हाइब्रिड सोलर लाइट लगाने जा रहा है।

    इसी क्रम में नगर निगम की ओर से हाइब्रिड सोलर लाइटों को लगाने को कंपनियों को आमंत्रित किया था, जिसमें देश की कई नामी-गिरामी कंपनियों ने रुचि दिखाई है। हाल ही में हुई प्री-बिड मीटिंग में इन सभी कंपनियों ने भाग लिया।

    शहर में 1520 हाइब्रिड सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। नई लाइटें पहले नए वार्डों में लगाई जाएंगी। हमारा लक्ष्य पारंपरिक बिजली पर निर्भरता को कम करना है। शहर को स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम से लैस करना है। यह स्मार्ट हाइब्रिड लाइटें दिन में सौर ऊर्जा से चार्ज होंगी। आवश्यकता पड़ने पर खुद-ब-खुद बिजली से जुड़ जाएंगी, जिससे सड़कों पर लगातार रोशनी बनी रहेगी। परियोजना के पूरा होने से शहर की सड़कों की सुरक्षा और सुंदरता दोनों में सुधार होगा। -निरंकार सिंह, अपर नगर आयुक्त