यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 07, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिना बिल ग्राहक कैसे लेंगे एक करोड़ की सौगात, लॉटरी योजना लाने की तैयारी Gorakhpur News
सामान खरीदारी का बिल लेने वाले ग्राहकों के लिए लाटरी निकालने की तैयारी चल रही है। एक कराेड़ रुपये तक ...और पढ़ें

गोरखपुर, जेएनएन। सामान खरीदने पर ग्राहकों को बिल के लिए प्रोत्साहित करने के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लॉटरी योजना लाने की तैयारी चल रही है। इससे 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक का इनाम मिल सकेगा। यहां उन्हीं ग्राहकों को मिल रहा है, जो दुकानों से खरीदारी कर रहे हैं। खरीदे गए सामान का बिल ले रहे हैं। गोरखपुर की स्थिति यह है कि यहां पर अधिकांश ग्राहक बिल मांगते ही नहीं। बिना बिल एक करोड़ की सौगात कैसे मिलेगी, आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है।
इसे लेकर कुछ ग्राहकों व व्यापारियों से बात की गई। बिल का नाम सुन कचहरी चौक पर एक ग्राहक ठिठक गया। दूसरे ग्राहक की भी स्थिति कुछ इसी तरह रही। कई दुकानदारों ने प्रतिक्रिया दी, पर नाम व फोटो देने से मना किया। फिर भी कुछ लोगों ने इस पर बातें की और प्रस्तावित योजना को सराहा भी।
बिल ग्राहक का अधिकार
गोलघर के खिलौना विक्रेता संदीप शर्मा का कहना है कि यह योजना ग्राहक व व्यापारी दोनों के लिए हितकर है। इससे ग्राहक जागरूक होगा। बिल लेना उनका अधिकार है।
बिल लेने की आदत नहीं
सुमेर सागर निवासी दिनेश सिंह बुधवार को गोलघर में कपड़े की खरीददारी करने गए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें बिल लेने की आदत ही नहीं है, पर ऐसा नहीं है कि मांगने पर मिलता नहीं है।
मांगने पर देते हैं पक्का बिल
गोलघर के कपड़ा व्यवसायी शशांक गुप्ता का कहना है कि किसी के मांगने पर पक्का बिल दिया जाता है, पर इस पर जीएसटी अलग से देना होता है। योजना सराहनीय है। लोग जागरूक होंगे।
हर चीज पर नहीं मिल सकता बिल
गोलघर के बर्तन व्यवसायी महेश आहुजा का कहना है कि हर चीज का बिल नहीं दिया जा सकता है। जो बिल मांगता है, उसे दिया जाता है।
लोगों को काम करने में होगी मदद
गोलघर के रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी अमनजोत सिंह का कहना है कि इससे लोगों को काम करने में सुविधा होगी, जो बिल मांगता है, उसे दिया जाता है।
योजना सराहनीय
गोलघर के कपड़ा व्यवसायी अभिषेक शाही का कहना है कि प्रस्तावित योजना सराहनीय है। इससे हर किसी को लाभ मिलेगा।
