UP News: हुक्का बार चलाने वाला होटल फ्लाई इन सील, देह व्यापार और सामूहिक दुष्कर्म में आया था नाम
गोरखपुर के शाहपुर इलाके में स्थित होटल फ्लाई इन को पुलिस की कार्रवाई के बाद जीडीए ने सील कर दिया है। पुलिस ने होटल के ऊपरी तल पर अवैध रूप से संचालित हो रहे हुक्का बार में छापा मारा था जहां देह व्यापार और सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। इस मामले में पुलिस ने होटल के मालिक अनुराग सिंह अनिरुद्ध ओझा आदित्य और एक अन्य को गिरफ्तार किया था।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र में रहने वाली किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हुक्का बार को लेकर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जीडीए ने भी कार्रवाई करते हुए शाहपुर के गीता वाटिका क्षेत्र स्थित होटल फ्लाई काे सील कर दिया। पुलिस की रिपोर्ट और अवैध निर्माण के आधार पर जीडीए की टीम ने शनिवार को होटल और उसके भीतर संचालित रेस्त्रां जीनस बाटल पर सीलबंदी की कार्रवाई की।
गीता वाटिका के पास स्थित अनुराग सिंह के होटल फ्लाई इन के ऊपरी तल पर अनिरूद्ध ओझा की ओर से हुक्का बार का संचालन किया जा रहा था। दस जनवरी को छापा मारकर पुलिस ने इसे पकड़ा था।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक 5 अक्टूबर 2023 को ही अनुराग सिंह को नोटिस दिया गया था। जिसमें बताया गया था कि पूर्व निर्मित भूतल पर प्रथम व द्वितीय तल का निर्माण किया जा रहा है। प्राधिकरण ने निर्माण रोकने का निर्देश दिया था। लेकिन न तो निर्माण रोका गया न ही अनुराग की ओर से नोटिस का ही जवाब दिया गया।
इसके बाद 5 जुलाई 2024 को एक और पत्र भेजा गया, लेकिन इसका भी कोई उत्तर नहीं दिया गया। 23 जनवरी 2025 को एक और कारण बताओ नोटिस दिया गया । इस नोटिस का भी जवाब नहीं मिलने पर शनिवार को प्राधिकरण की टीम ने पूरे भवन को सील कर दिया।
इसे भी पढ़ें- यूपी के इस शहर में हुक्का बार में चला रहे थे देह व्यापार का धंधा, वाट्सएप पर तय करते थे रेट; खुलासा
जीडीए उपाध्यक्ष आनन्द वर्द्धन के निर्देश पर प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान सहायक अभियंता राज बहादुर सिंह, शाहपुर थानाध्यक्ष नीरज राय समेत प्राधिकरण के कई अभियंता और कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
होटल को सील करती जीडीए की टीम। जागरण
पुलिस ने जीडीए को लिखा था पत्र
शाहपुर के थानाध्यक्ष नीरज राय की ओर से जीडीए को पत्र लिखकर इस भवन के ऊपरी तल पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित करने की जानकारी दी गई थी। यह भी बताया गया था कि 10 जनवरी को पुलिस ने छापा मारा था, जिसमें वहां देह व्यापार व सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने इस मामले में अनुराग सिंह, अनिरुद्ध ओझा, आदित्य व एक अन्य को गिरफ्तार किया था।
इसे भी पढ़ें- UP News: गोरखपुर में डबल हत्याकांड का हुआ खुलासा, इस बात से नाराज होकर किशोर ने की थी दो मासूमों की हत्या
गैंग्सटर की चल रही है कार्रवाई
मामले में पुलिस गैंग्सटर की कार्रवाई कर रही है। अनिरुद्ध ओझा के मोबाइल फोन की जांच कर इस धंधे में जुड़े तीन अन्य युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनके फोन से 70 से अधिक लड़कियों के मोबाइल नंबर व नाम मिले हैं। वाट्सएप चैट से यह बात पता चली कि वाट्सएप के जरिये ही लड़कियों की फोटो व रेट साझा किए जाते हैं। इस मामले में पांच होटलों की भी संलिप्तता सामने आई है। इनमें पादरी बाजार का एक व गीडा क्षेत्र के चार होटल शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।