Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरु: साक्षात परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नम:

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर : गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर: गुरु: साक्षात परब्रह्म तस्मै श्री

    By JagranEdited By: Updated: Sat, 28 Jul 2018 01:19 AM (IST)
    गुरु: साक्षात परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नम:

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर : गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर: गुरु: साक्षात परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नम:। गुरु वंदना का यह मंत्र सभी पीठों, आश्रमों व मंदिरों में गुरु पूजा के दौरान समवेत स्वर में गूंज रहा। आषाढ़ पूर्णिमा के दिन शुक्रवार को गुरु पूर्णिमा परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाई गई। शिष्यों ने गुरु पूजा के बाद उनके चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। सभी पीठों व मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। भजन-कीर्तन, ध्यान-योग व भंडारे का आयोजन किया गया। माहौल उत्सवपूर्ण व भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही पीठ, आश्रमों व मंदिरों में भक्त जुटने लगे। गुरु पूजा व आरती के बाद गुरु के चरणों में मत्था टेका और मंगल कामना की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारत सेवाश्रम संघ के कसया रोड स्थित आश्रम में स्वामी नि:श्रेयसानंद ने गुरु पूजा की। श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। ओशो अभिनव ध्यान केंद्र, महादेव झारखंडी में स्वामी जगत नरायन भारती के निर्देशन में ध्यान शिविर आयोजित किया गया। गुरु वंदना के बाद अनेक ध्यान विधियों के प्रयोग कराए गए। सायं संध्या सत्संग से कार्यक्रम का समापन हुआ। गायत्री शक्ति पीठ, राजघाट में गायत्री महामंत्र का जप सूर्योदय से सूर्यास्त तक किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजा कर अपनी आस्था व श्रद्धा निवेदित की। आर्ट आफ लिविंग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में साधकों ने ध्यान, योग व सुदर्शन क्रिया का अभ्यास किया। इसके बाद महात्मा गांधी इंटर कालेज में पौधरोपण किया गया। सायं भजन संध्या आयोजित की गई। कार्यक्रम में आलोक गुप्ता, कंचन सिंह व ज्योत्सना पाल आदि उपस्थित थीं। देवरहा बाबा हनुमान मंदिर, दाउदपुर में विधि-विधान से हवन-पूजन, भजन-कीर्तन व भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इं. अंजनी, श्यामलता, अश्विनी ऋतु आदि का सहयोग रहा। संस्कार भारती के तत्वावधान में दिग्विजयनाथ पीजी कालेज में आयोजित गुरु पूर्णिमा उत्सव में रंगकर्म के लिए दीप नारायण मिश्र को 'गुरु सम्मान' से सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्राचार्य डा. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डा. शरद मणि त्रिपाठी, डा. भारत भूषण, आशीष श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। महर्षि विद्या मंदिर, रुस्तमपुर में आयोजित गोष्ठी में शिक्षक संजय कुमार मिश्र ने गुरु पूजा व वंदना की। अध्यक्ष ब्रह्माचारी गिरीश व गोपाल राय आदि ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। संचिता मिश्रा ने आभार ज्ञापित किया। माता मातेश्वरी सेवा दरबार, पचपेड़वा में गत 11 जुलाई से चल रही श्रीमद्भागवत कथा की पूर्णाहुति की गई। तत्पश्चात माता गुरु का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे में पं. मातादीन पांडेय 'दीन' ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला।

    इसी क्रम में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, वेदरत्न सेवा संस्थान सहित सभी धार्मिक संगठनों ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया। भजन-कीर्तन से माहौल गूंज उठा। गुरु व भगवान शिव से संबंधित अनेक भजन सामूहिक रूप से प्रस्तुत किए गए। बीच-बीच में जयघोष गूंज उठता था। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा।

    --------------------

    गूंजता रहा 'हर हर महादेव'

    अघोर पीठ ट्रांसपोर्ट नगर में गुरु अवधूत छबीलेराम का पाद प्रक्षालन व श्रृंगार कर भक्तों ने महाआरती की। इस दौरान डमरा, झांझ, ढाक, शहनाई की धुन के बीच 'हर हर महादेव' का जयघोष गूंज रहा था। बंगाली महिलाओं ने 'हुलू' ध्वनि की। डा. रूप कुमार बनर्जी सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने गुरु को पुष्प अर्पित करने के बाद सभी देव विग्रहों पर पुष्प अर्पित किया। सायं आयोजित आशीर्वचन कार्यक्रम में भक्तों ने गुरु भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला और अपने संस्मरण सुनाए। रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। अनुश्री बनर्जी ने गुरु वंदना पर शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। डा. शरद मणि त्रिपाठी, मधुमाला चक्रवर्ती, वीके सिंह, राकेश श्रीवास्तव, राकेश उपाध्याय, हरि प्रसाद सिंह, प्रज्ञा मिश्रा, सारिका श्रीवास्तव, अनन्या सिंह ने भजन प्रस्तुत किया। दोपहर व रात को भंडारे का आयोजन किया गया।

    ------------------

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

    गुरु कृपा परिवार के तत्वावधान में शिव-शक्ति भवन, मोगलहा, मेडिकल कालेज रोड में गुरु पूजा उत्सव आयोजित किया गया। शिष्यों ने अपने गुरु नंदू मिश्रा का पूजन किया। इसके बाद स्पर्श दृष्टिबाधित बालक इंटर कालेज, लालडिग्गी के छात्रों ने अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मन मोह लिया। हर्षित कौर सैनी ने शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत किया। कल्पना, करण मिश्र, सत्यम वर्मा, प्रज्ञा मिश्रा, शिखा मिश्रा, सनी कोहली, संदीप ने भजनों की प्रस्तुति की। मुख्य अतिथि आइजी नीलाब्जा चौधरी, स्पोर्ट्स कालेज के प्रधानाचार्य अरुणेंद्र पांडेय, विधायक शीतल पांडेय ने दृष्टिबाधित व गरीब बच्चों व महिलाओं को वस्त्र व जरूरी सामान प्रदान किए। संचालन साध्वी दिव्या ने किया।

    -------------------

    गुरु पूजा के बाद लगाए पौधे

    गायत्री परिवार रचनात्मक ट्रस्ट के तत्वावधान में पादरी बाजार स्थित एक मैरिज हाल में गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया गया। शांतिकुंज, हरिद्वार से आए शैलेंद्र कुमार, रोहित कुमार निराला, कैलाश नाथ व राजेंद्र ने भजन-कीर्तन से माहौल को भक्ति के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजेश यादव ने गुरु पूजा के बाद 25 पौधे लगाकर हरियाली का संदेश दिया। संस्था ने 51 पौधों का वितरण किया। उपस्थित सभी लोगों ने पांच-पांच पौधे लगाने का संकल्प किया। वक्ताओं ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य ट्रस्टी दीनानाथ सिंह ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मंजू द्विवेदी, नीरजा त्रिपाठी, कुमकुम उपाध्याय, मधु पांडेय, मुन्नी पांडेय, माधुरी शाही, शैल त्रिपाठी आदि उपस्थित थीं।