विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संघर्ष की भट्टी में तपकर निकला गोरखपुर का सितारा, 200 ऑडिशन के बाद सलमान खान की फिल्म में चमके आदित्य सिकरवार

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:00 AM (IST)

गोरखपुर के आदित्य सिंह सिकरवार, जिन्होंने थिएटर से अपने अभिनय की शुरुआत की, अब सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' में हवलदार शुक्ला की भूमिका में नजर आएंगे। कई संघर्षों और 200 से अधिक ऑडिशन के बाद, उन्होंने बॉलीवुड में अपनी जगह बनाई है, जो छोटे शहरों के कलाकारों के लिए एक प्रेरणा है।

200 से अधिक आडिशन के बाद आदित्य सिंह सिकरवार को मिली कामयाबी। जागरण/इंटरनेट मीडिया

 200 से अधिक आडिशन के बाद आदित्य सिंह सिकरवार को मिली कामयाबी। जागरण/इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. आदित्य सिंह सिकरवार सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' में।

  2. 200 से अधिक ऑडिशन के बाद बॉलीवुड में जगह बनाई।

  3. गोरखपुर से मुंबई तक का संघर्षपूर्ण अभिनय सफर।

अरुण कुमार, गोरखपुर। दोस्तों के सामने फिल्मी किरदारों का अभिनय करके दिखाना गोरखपुर के जिस आदित्य सिंह सिकरवार का शगल रहा, वह अब बड़े पर्दे पर सलमान खान के साथ नजर आएंगे। थिएटर में प्रतिभा को मांजने के बाद अभिनय का जुनून उन्हें मायानगरी मुंबई खींच ले गया। जहां आर्थिक चुनौतियों के साथ संघर्ष का जो दौर देखा, वह हौसला तोड़ने को काफी था, लेकिन 200 से अधिक आडिशन और दर्जनों बार नकारे जाने के बाद आखिरकार उन्होंने जुनून के दम पर जो मुकाम हासिल किया, वह छोटे शहरों के कलाकारों के लिए मिसाल है।

04 दिसंबर को रिलीज होने जा रही सलमान खान की फिल्म मातृभूमि में हवलदार शुक्ला की भूमिका में नजर आने जा रहे आदित्य के मुताबिक यह फिल्म उनके अभिनय करिअर का अब तक का सबसे बड़ा अवसर है। इससे पहले वह अनुभव सिन्हा की फिल्म 'भीड़' में भी छोटी भूमिका निभा चुके हैं, जहां से आगे का रास्ता खुला।

कृष्णानगर प्राइवेट कालोनी में रहने वाले आदित्य मूल रूप से चौरीचौरा तहसील के बसुही के रहने वाले हैं। पिता अशोक सिंह प्रापर्टी से जुड़े काम करते हैं, जबकि मां सीता सिंह गृहिणी हैं। दादा कैलाश सिंह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं। आदित्य तीन बहनों मोनिका, मानसी और साक्षी के इकलौते भाई हैं।

उन्होंने वीर बहादुर सिंह राजकीय महाविद्यालय, कैंपियरगंज से बीकाम की पढ़ाई पूरी की। उनको बचपन से अभिनय का शौक था, लेकिन थिएटर के बारे में जानकारी नहीं थी। रेडियो जाकी का प्रशिक्षण लेने तारामंडल पहुंचे तो रास्ते में इंटरनेशनल स्कूल आफ ड्रामा का बोर्ड देखकर वहां चले गए।

salman

निर्देशक मोहन आनंद आजाद से मुलाकात हुई और 500 रुपये शुल्क देकर अभिनय सीखना शुरू कर दिया। इसके बाद रंगमंडल के अजीत प्रताप सिंह और रंगाश्रम के केसी सेन के मार्गदर्शन में अभिनय को निखारा। पीयूष कांत, राघवेंद्र पति त्रिपाठी, धर्मेंद्र भारती और मानवेन्द्र त्रिपाठी से भी सीखने का अवसर मिला।

2014 से 2018 तक रश्मिरथी, अंधा युग, सम्राट अशोक और जाति-जाति पूछे नहीं कोई सहित कई नाटकों में अभिनय किया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय और भारतेंदु नाट्य अकादमी की प्रवेश प्रक्रिया में भी शामिल हुए। एनएसडी की कार्यशाला तक चयन हुआ, लेकिन अंतिम सफलता नहीं मिली।

अभिनेता का कहना है कि 2019 में अभिनय को करियर बनाने मुंबई पहुंचे। धारावाहिक यह है चाहतें और एक लघु फिल्म में काम मिला, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण घर लौटना पड़ा। दिसंबर 2021 में फिल्म ''''भीड़'''' में अवसर मिलने के बाद फरवरी 2022 में फिर मुंबई पहुंच गए। इस दौरान कुमकुम भाग्य, मंगल लक्ष्मी, नागिन-6 और रब से दुआ सहित कई धारावाहिकों में काम किया। आर्थिक परिस्थितियों के चलते वर्ष 2023 में सेल्स कंपनी में नौकरी भी करनी पड़ी, लेकिन अभिनय का सपना नहीं छोड़ा।

यह भी पढ़ें- सीटें बढ़ेंगी, सीमाएं बदलेंगी, परिसीमन से गोरखपुर-पूर्वांचल में बदलेगा सियासी नक्शा

2024 में एक मित्र की सलाह पर पुलिस की वर्दी पहनकर आडिशन तैयार किया। कास्टिंग एजेंसी के माध्यम से मातृभूमि में सैनिक की भूमिका के लिए आडिशन दिया। लगभग एक महीने बाद चयन की सूचना मिली। लद्दाख में शूटिंग से पहले सैन्य प्रशिक्षण, परेड, सलामी और अनुशासन का अभ्यास कराया गया। सेट पर पहली बार सलमान खान को सामने देखने और उनके साथ एक ही दृश्य में काम करने का अवसर मिला। आदित्य बताते हैं कि पत्थर के पीछे सलमान खान के साथ बैठकर फिल्माया गया दृश्य उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है। वह बताते हैं कि दृश्यम तीन में भी उन्होंने अभिनय किया है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी आज करेंगे गीडा स्थापना दिवस का आगाज, मिलेगा 17,650 करोड़ के एमओयू और 104 परियोजनाओं की सौगात

वह बताते हैं कि उनके दादा चाहते थे कि आदित्य भी सीआरपीएफ या किसी अन्य सुरक्षा बल में नौकरी करें। लेकिन बाद में सभी ने समर्थन दिया। आदित्य का कहना है कि जिंदगी एक ही बार मिलती है, इसलिए अपनी प्रतिभा पहचान कर जोखिम उठाना जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।