सीटें बढ़ेंगी, सीमाएं बदलेंगी, परिसीमन से गोरखपुर-पूर्वांचल में बदलेगा सियासी नक्शा
केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी मिलने से पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल है। इससे लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ संसदीय व विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं भी बदलेंगी, जिससे नए सियासी समीकरण बनेंगे।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन, महिला आरक्षण विधेयक को दी मंजूरी।
लोकसभा सीटें 543 से बढ़कर लगभग 816 होने की संभावना।
गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़ में बदलेंगी संसदीय, विधानसभा सीमाएं।
डा. राकेश राय, गोरखपुर। लोकसभा सीटों का नक्शा बदलने की तैयारी ने पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। केंद्रीय कैबिनेट से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को स्वीकृति मिलने के बाद गोरखपुर क्षेत्र में भी राजनीतिक संभावनाओं और समीकरणों बदलने की चर्चा छिड़ गई है।
परिसीमन की संभावना में युवा नेता सियासी करिअर की संभावना तलाशने लगे हैं। महिला आरक्षण की चर्चा से महिला नेत्रियों में भी उत्साह है। प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद इनकी संख्या करीब 816 हो जाएगी।
भाजपा के गोरखपुर क्षेत्र में गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ जिलों को केंद्र में रखकर देखें तो इसका असर केवल सीटों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं रहेगा। नए परिसीमन में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं भी बदलेंगी। इससे कई क्षेत्रों का राजनीतिक भूगोल बदल सकता है। नए क्षेत्र बनने से नए दावेदारों के लिए चुनावी मैदान में उतरने का अवसर भी तैयार होगा।
गोरखपुर जिले में फिलहाल नौ विधानसभा क्षेत्र और दो लोकसभा क्षेत्र हैं। इनमें बांसगांव लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। जिले की खजनी विधानसभा सीट भी आरक्षित है। बस्ती में पांच विधानसभा क्षेत्र और एक लोकसभा सीट है। यहां महादेवा विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। आजमगढ़ जिले में दो लोकसभा क्षेत्र हैं।
इनमें लालगंज संसदीय सीट आरक्षित है। जिले की लालगंज और मेहनगर विधानसभा सीटें भी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इन आरक्षित सीटों का दायरा बढ़ने के साथ इनकी संख्या में भी वृद्धि की संभावना रहेगी। हालांकि यह जरूरी नहीं कि वर्तमान आरक्षित सीटें ही आगे भी आरक्षित रहें।
परिसीमन आयोग आबादी और अनुसूचित जाति के मतदाताओं के अनुपात को ध्यान में रखकर नए सिरे से सीटों का निर्धारण करेगा। ऐसे में बांसगांव, खजनी, महादेवा, लालगंज और मेहनगर जैसी सीटों के आरक्षण की स्थिति पर विशेष नजर रहेगी। सामान्य सीटों में से कुछ आरक्षित हो सकती हैं, जबकि वर्तमान आरक्षित सीटें सामान्य भी हो सकती हैं। हालांकि अभी यह संभावित तस्वीर है। विधेयक के संसद से पारित होने और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सीटों की वास्तविक संख्या, सीमाएं और आरक्षण तय होंगे।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी आज करेंगे गीडा स्थापना दिवस का आगाज, मिलेगा 17,650 करोड़ के एमओयू और 104 परियोजनाओं की सौगात
विधानसभा में भी बढ़ेंगे दावेदार, महिला आरक्षण का असर
इस बदलाव का सबसे व्यापक असर विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा। उत्तर प्रदेश में मौजूदा 403 विधानसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत वृद्धि के हिसाब से लगभग 605 तक पहुंच सकती है। गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ जिलों में भी नए विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आ सकते हैं।
इससे मौजूदा विधायकों के चुनावी क्षेत्र छोटे हो सकते हैं अथवा उनकी सीमाएं बदल सकती हैं। दूसरे जिलों के साथ साझा संसदीय क्षेत्रों का स्वरूप भी बदल सकता है। बांसगांव, गोरखपुर और आजमगढ़ संसदीय क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करते समय आसपास के जिलों के विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्गठन भी संभव है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।