विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी आज करेंगे गीडा स्थापना दिवस का आगाज, मिलेगा 17,650 करोड़ के एमओयू और 104 परियोजनाओं की सौगात

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:13 AM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे, जिसमें ₹17,650 करोड़ के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। यह आयोजन औद्योगिक विकास को गति देगा, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ेगा और ₹502 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह का रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भव्य शुभारंभ करेंगे। 29 नवंबर से एक दिसंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय आयोजन में मुख्यमंत्री औद्योगिक विकास, निवेश और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल को गति देंगे।

समारोह के उद्घाटन अवसर पर वह औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले और बायर्स-सेलर्स मीट का भी शुभारंभ करेंगे। इस दौरान पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का समझौता होगा। वहीं, गीडा और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास के लिए 502 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।

गीडा के स्थापना दिवस को इस बार निवेश और कारोबार के नए अवसरों से जोड़कर आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्राधिकरण ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि समारोह में औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। पहली बार विदेश से खरीदार भी इस आयोजन में शामिल होने आ रहे हैं।

16 हजार करोड़ का निवेश करेगी एक्मे कंपनी

मुख्यमंत्री के समक्ष पांच कंपनियों के साथ होने वाले एमओयू में सबसे बड़ा निवेश हरित ऊर्जा क्षेत्र में प्रस्तावित है। एक्मे कंपनी ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

इसके अलावा सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड दवा निर्माण परियोजना में 500 करोड़, आर्बिट ग्रुप आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग परियोजना में 500 करोड़, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज आसवनी परियोजना में 500 करोड़ और दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड मत्स्य आहार उत्पादन इकाई में 150 करोड़ रुपये निवेश करेगी।

इन परियोजनाओं से गीडा और धुरियापार क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

502 करोड़ की परियोजनाओं से बढ़ेंगी औद्योगिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री समारोह में कुल 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

लोकार्पण की जाने वाली परियोजनाओं में 126.23 करोड़ रुपये के 19 सिविल कार्य और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत व अन्य कार्य शामिल हैं। वहीं, 272.30 करोड़ रुपये के 44 सिविल कार्यों और 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत व अन्य कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इनमें सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ श्रमिकों के लिए लेबर डारमेट्री का निर्माण भी शामिल है।

पांच देशों के खरीदारों से रूबरू होंगे उद्यमी

मुख्यमंत्री बायर्स-सेलर्स मीट का भी शुभारंभ करेंगे। इसमें जापान, नेपाल, आस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, मुंबई समेत देश के विभिन्न हिस्सों से खरीदार और कारोबारी पहुंचेंगे। इस आयोजन के जरिये गीडा की औद्योगिक इकाइयों को अपने उत्पादों के लिए नए खरीदार तलाशने और दूसरे बाजारों में पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में लगेगा 150 करोड़ का फिश फीड प्लांट, सीएम योगी की मौजूदगी में होगा समझौता


पांच दर्जन स्टालों पर दिखेगी औद्योगिक ताकत

औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले में करीब पांच दर्जन स्टाल लगाए जाएंगे। इनमें गारमेंट पार्क और प्लास्टिक पार्क में तैयार हो रहे उत्पादों के साथ फर्नीचर, स्टार्टअप और एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) के स्टाल भी होंगे। खास बात यह है कि स्थानीय उत्पादों को विदेशी खरीदारों के सामने प्रदर्शित करने और उनके साथ कारोबार की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। इस तरह स्थापना दिवस समारोह गीडा के औद्योगिक सफर, नए निवेश और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का मंच बनेगा।

यह भी पढ़ें- अब प्लेटफॉर्म पर रात नहीं गुजारेंगे ट्रेनों के AC एस्कॉर्टिंग स्टाफ, स्टेशनों पर बनेंगे आधुनिक हॉस्टल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।