अब प्लेटफॉर्म पर रात नहीं गुजारेंगे ट्रेनों के AC एस्कॉर्टिंग स्टाफ, स्टेशनों पर बनेंगे आधुनिक हॉस्टल
रेलवे बोर्ड ने एसी एस्कॉर्टिंग स्टाफ के लिए प्रमुख स्टेशनों पर हॉस्टल और डॉरमेट्री बनाने की योजना शुरू की है, ताकि उन्हें ड्यूटी के बाद प्लेटफॉर्म पर इंतजार न करना पड़े।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एसी एस्कॉर्टिंग स्टाफ को अब प्लेटफॉर्म पर नहीं रुकना होगा।
रेलवे बोर्ड प्रमुख स्टेशनों पर हॉस्टल और डॉरमेट्री बनाएगा।
कर्मचारियों को विश्राम के लिए पोर्टा केबिन भी मिलेंगे।
प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। रेलवे के एसी एस्कॉर्टिंग स्टाफ की रात अब ट्रेन के वापस होने की प्रतीक्षा में प्लेटफॉर्म पर नहीं कटेगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले एसी एस्कॉर्टिंग स्टाफ को अब ड्यूटी पूरी करने के बाद विश्राम के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। रेलवे बोर्ड ने इनके लिए प्रमुख स्टेशनों पर हास्टल और डारमेट्री बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके साथ ही तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पोर्टा केबिन (अस्थायी आवास) और कोच उपलब्ध कराने की भी योजना तैयार की है। इसके लिए सभी क्षेत्रीय रेलवे से पहले चरण में उपयुक्त स्टेशनों और स्थानों की पहचान कर प्रस्ताव मांगे गए हैं।
दरअसल, ट्रेनों में तैनात आन-बोर्ड कर्मचारियों के आवास और विश्राम की समस्या की व्यापक समीक्षा के लिए रेलवे बोर्ड ने एक समिति गठित की थी। समिति को कर्मचारियों की जरूरतों का आकलन करने और समस्या के समाधान के लिए अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक उपाय सुझाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
समिति ने अपनी रिपोर्ट में एसी एस्कार्टिंग स्टाफ के लिए तत्काल राहत के तौर पर पोर्टा केबिन अथवा कोच उपलब्ध कराने और स्थायी समाधान के रूप में हास्टल व डारमेट्री बनाने की सिफारिश की है।
इसके लिए ऐसे रेलवे स्टेशनों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां बड़ी संख्या में ट्रेनें आकर रुकती हैं और दूसरे स्टेशनों से आने वाले एसी एस्कार्टिंग स्टाफ को ट्रेन की ड्यूटी पूरी करने और कार्यभार सौंपने व ग्रहण करने की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वापसी यात्रा शुरू करने से पहले विश्राम की जरूरत होती है। कई बार अगली ट्रेन या वापसी की व्यवस्था के इंतजार में कर्मचारियों को स्टेशन पर ही काफी समय बिताना पड़ता है।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन विश्राम सुविधाओं का स्तर लोको पायलट (एलपी), सहायक लोको पायलट (एएलपी) और ट्रेन टिकट परीक्षकों (टीटीई) को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के समान होनी चाहिए।
हॉस्टल और डारमेट्री में कर्मचारियों के लिए बेड, शौचालय और मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। जानकारों का कहना है कि पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर जंक्शन पर ही रेलवे के करीब 300 एसी एस्कार्टिंग स्टाफ तथा लगभग 150 आउटसोर्सकर्मी हैं।
जो पावर कार और एसी कोचों की देखभाल, निगरानी व मरम्मत आदि कार्यों के लिए गोरखधाम, कुशीनगर, अहमदाबाद और कोचीन आदि लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ चलते हैं। लेकिन, गंतव्य रेलवे स्टेशन पर इनके ठहरने या विश्राम करने की कोई व्यवस्था नहीं होती। वे प्लेटफॉर्म या प्रतीक्षालयों में बेंचों पर सोकर ट्रेन के वापस चलने की प्रतीक्षा करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।