गोरखपुर में एक माह तक वोटर बनने का मौका, चार दिन चलेगा विशेष अभियान
गोरखपुर में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है, जिसमें नाम ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन का अवसर।
16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां, विशेष अभियान चलेगा।
युवाओं, महिलाओं को मतदाता बनाने पर विशेष जोर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही आसानी से नाम जुड़वाने और संशोधन कराने का रास्ता खुल गया। मतदाता घर बैठे आनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे। खास बात यह है कि प्रत्येक बूथ पर उपलब्ध सूची में नए जुड़े और हटाए गए नामों का ब्योरा भी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।
इससे मतदाता अपने परिवार और आसपास के लोगों के नामों का मिलान कर सकेंगे। प्रशासन का जोर खास तौर पर महिला और युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर है। इसके लिए विश्वविद्यालयों और कालेजों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर तक ली जाएंगी। इसके लिए 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। इन दिनों सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकेंगे। नाम, पता या अन्य विवरण में गड़बड़ी होने पर फार्म-8 से सुधार कराया जा सकेगा। किसी अपात्र नाम पर आपत्ति के लिए फार्म-7 भरना होगा। आवेदन बीएलओ, मतदाता पंजीकरण केंद्र के अलावा निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ईसीआईनेट एप से भी किए जा सकेंगे।
महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने के लिए घर-घर सत्यापन के साथ शैक्षणिक संस्थानों में भी अभियान चलेगा। कालेजों और विश्वविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्र-छात्राओं के आवेदन कराए जाएंगे। प्रशासन राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों से भी सहयोग लेगा। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
एक नजर में आलेख्य मतदाता सूची-
- 32,95,303 कुल मतदाता
- 17,93,315 पुरुष मतदाता
- 15,01,804 महिला मतदाता
- 184 थर्ड जेंडर मतदाता
- 34,165 नए मतदाता बढ़े 10 अप्रैल 2026 से लेकर 17 नवंबर 2026 तक
- 27,986 मतदाता 18-19 वर्ष के
- 64,195 मतदाता 80 वर्ष से अधिक उम्र के
- 368 मतदाता 100 वर्ष से अधिक उम्र के
बूथों की स्थिति
- 2078 कुल मतदान केंद्र
- 291 शहरी मतदान केंद्र
- 1787 ग्रामीण मतदान केंद्र
- 4000 कुल मतदेय स्थल
- 1007 शहरी मतदेय स्थल
- 2993 ग्रमीण मतदेय स्थल
राजनीतिक दलों को सौंपी आलेख्य मतदाता सूची
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां सौंपते हुए बूथवार जांच कराने को कहा।
बीएलए के माध्यम से नए जुड़े और हटाए गए नामों का सत्यापन कराने पर जोर दिया। डीएम ने महिला और युवा मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने की अपील की। दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर तक ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी को प्रकाशित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर को मिलेगी बड़ी सौगात, सीएम योगी कल करेंगे प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास
ईवीएम की एफएलसी पूरी, डेमो के लिए निकाली गईं 240 मशीनें
आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिले में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी हो गई है। मंगलवार को डीएम दीपक मीणा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल मशीनों की छह प्रतिशत यानी 240 बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट प्रशिक्षण व जागरूकता के लिए निकाली गईं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर: मदन मोहन मालवीय विश्वविद्यालय एलुमिनाई मीट में जुटेंगे पूर्व छात्र, रिलायंस जियो अध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि
इन्हें तहसीलों और कस्बों में ले जाकर आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया का डेमो दिया जाएगा। निकाली गई मशीनों के सीरियल नंबर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए गए। मशीनों की सुरक्षा के लिए लेखपालों की निगरानी में रखने की व्यवस्था की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।