गोरखपुर में बेटी समझकर कर दिया अंतिम संस्कार, शाम को आया फोन तो पलट गई कहानी; अब तक अज्ञात है शव
गोरखपुर में रेलवे ट्रैक पर मिली एक अज्ञात महिला के शव को परिवार ने अपनी बेटी अनामिका समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में अनामिका के जीवित मिलने पर मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, पुलिस नए सिरे से जांच कर रही है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
रेलवे ट्रैक पर मिली अज्ञात महिला का शव।
परिवार ने गलती से अनामिका समझकर अंतिम संस्कार किया।
अनामिका के जीवित मिलने पर पहचान बनी चुनौती।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिसे बेटी समझकर परिवार ने अंतिम विदाई दे दी, वह महिला आखिर कौन थी? सीहापार हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर मिले जिस अज्ञात महिला के शव का अनामिका समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था, उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
27 अक्टूबर 2026 की सुबह ट्रेन से कटकर जान गंवाने वाली महिला की शिनाख्त में हुई चूक का रहस्य सुलझाने के लिए पुलिस नए सिरे से प्रयास कर रही है। आसपास के जिलों में शव की तस्वीर भेजने के साथ ही डीएनए जांच के लिए नमूना भी लिया गया है।
घटना के बाद सहजनवां पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया था। इस दौरान सीहापार निवासी लक्ष्मीना देवी ने शव को अपनी बेटी अनामिका का बताया। परिवार ने बेलघाट क्षेत्र में रहने वाले अनामिका के पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। गांव के लोगों की मदद से परिवार ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। अंतिम संस्कार के दिन ही शाम को अनामिका का फोन आया तो परिवार और पुलिस के सामने पूरा मामला पलट गया। जिस बेटी को मृत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था, वह जिंदा थी। इसके बाद दहेज हत्या के मुकदमे को पुलिस ने समाप्त कर दिया। लेकिन जिस महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था, उसकी पहचान का सवाल अब भी अनसुलझा है।
सहजनवा पुलिस ने अज्ञात महिला की पहचान के लिए आसपास के जिलों में उसकी तस्वीर भेजी है। डीएनए जांच के लिए नमूना भी लिया गया है। अब तक कोई व्यक्ति शव की पहचान करने नहीं पहुंचा है। एसपी उत्तरी राजेश घुनावत ने बताया कि महिला की पहचान के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। आसपास के जिलों में सूचना भेजी गई है। पहचान होने तक प्रयास जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में छह सीओ के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव, SSP जारी किए आदेश
गुलरिहा में भी हुई थी गलत पहचान :
गुलरिहा क्षेत्र में 30 सितंबर 2026 को मिले अज्ञात युवती के शव की पहचान प्रयागराज की लापता बेटी प्रीति के रूप में हुई थी, लेकिन प्रीति तीन साल बाद गुजरात के नारी संरक्षण केंद्र में जीवित मिली है। इसके बाद गुलरिहा में मिले शव की असली पहचान पुलिस के लिए एक नई चुनौती बन गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।