गोरखपुर को आज बड़ी सौगात: 491 करोड़ से बनेगा यूपी का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, सीएम रखेंगे नींव
गोरखपुर को आज उत्तर प्रदेश का पहला और देश का दूसरा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे विश्वविद्यालय का शिलान्यास।
491 करोड़ की लागत से बनेगा यह अनूठा संस्थान।
गोरखपुर में अब होंगे कुल पांच विश्वविद्यालय।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिले के हिस्से में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो जाएगी। आयुष चिकित्सा-शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के प्रथम महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को उत्तर प्रदेश के पहले और देश के दूसरे वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फारेस्ट्री एंड हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) मिलने जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 491 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस संस्थान की आधारशिला रखे जाने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई मिलेगी। गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां दो विशिष्ट (यूनिक) विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे। जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अत्यंत भव्य और आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
विश्वविद्यालय बनाने में 491 करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में एक प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लाक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह एवं अन्य आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
कमिश्नर व डीआइजी ने लिया जायजा
कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह व डीआइजी डा. एस चनप्पा ने बुधवार को कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी और वन विभाग के अधिकारियों से विश्वविद्यालय का लेआउट, मुख्य मंच, शिलान्यास स्थल, सेफ हाउस, पौधारोपण स्थल और पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। बुधवार शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रोड शो को लेकर पंकज चौधरी ने अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- अपने शासनकाल के अन्याय का दें जवाब
विधायक ने कार्यकर्ताओं संग की बैठक
संवाद सूत्र, महावनखोर : विधायक फतेह बहादुर सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अश्वनी जायसवाल, ब्लाक प्रमुख जंगल कौड़िया बृजेश यादव, पीपीगंज चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा, चौमुखा के चेयरमैन प्रतिनिधि गोपाल सिंह, गणेश दत्त त्रिपाठी, गन्ना समिति चेयरमैन संगम दुबे, मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन पासवान, डोरा सिंह, दिलीप यादव, राजन पांडेय, गुड्डू यादव, अखिलेश जायसवाल और ओमेंद्र मणि आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।