गोरखपुर रोड शो को लेकर पंकज चौधरी ने अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- अपने शासनकाल के अन्याय का दें जवाब
पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता सपा सरकार के पुराने कारनामों को नहीं भूलेगी।

फोटो स्रोत- अखिलेश यादव और पंकज चौधरी के आधिकारिक एक्स हैंडल से।
HighLights
अखिलेश माफी मांगें, जनता सपा को माफ नहीं करेगी।
सपा शासनकाल में अपराधियों के कारण भय का माहौल था।
जनता सपा के अहंकार, भ्रष्टाचार, परिवारवाद को जानती है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गोरखपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव घर-घर जाकर माफी भी मांग लें, तब भी जनता सपा सरकार के पुराने कारनामों को माफ नहीं करेगी।
रथयात्रा निकालने, नारे लगाने और रोड शो करने से सपा अपने शासनकाल के कारनामों से जनता का ध्यान नहीं भटका सकती। सपा प्रमुख को अपने शासनकाल में हुई घटनाओं और जनता के साथ किए गए अन्याय के लिए जवाब देना चाहिए। पंकज चौधरी ने कहा कि गाजियाबाद से गोरखपुर तक कितना भी दिखावा कर लिया जाए, नारे लगा लिए जाएं और वैनिटी वैन पर सवार होकर कितने भी चक्कर लगा लिए जाएं, इससे सपा के प्रति जनता का नजरिया नहीं बदलने वाला।
सपा शासनकाल में अपराधियों और गुंडों के कारण भय का माहौल था। प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है। सपा के अहंकार, परिवारवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और नाकामियों का पूरा हिसाब जनता जानती है। राजनीतिक यात्राएं निकालने से सपा अपने पुराने शासनकाल के सवालों से बच नहीं सकती।