अखिलेश यादव का 'मिशन गोरखपुर', योगी के गढ़ में किया मेट्रो चलाने का वादा; झूठे मुकदमे हटाने की कही बात
अखिलेश यादव ने गोरखपुर में भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य, शिक्षा, जलभराव और विकास कार्यों को लेकर निशाना साधा।

रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन करते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। सौ. सपा मीडिया सेल
HighLights
भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा की कमी का आरोप।
गोरखपुर में जलभराव, मेट्रो न बनने पर सरकार को घेरा।
सपा सरकार में झूठे मुकदमे हटाने, मेट्रो का वादा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को तिवारी हाता में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने गोरखपुर की स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, जलभराव, यातायात और विकास कार्यों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि सरकार के 10 साल के कार्यकाल में अस्पतालों को ही उपचार की जरूरत पड़ने लगी है।
मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और एम्स में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं तथा चिकित्सकों और शिक्षकों की कमी बनी हुई है। अखिलेश ने कहा कि सपा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास कर रही है और इससे भविष्य में बहुमत की सरकार बनेगी। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के हालिया चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि काशी में भाजपा के डबल इंजन को डबल जीरो मिला।
गोरखपुर में संजयन त्रिपाठी जीत सकते थे, लेकिन भाजपा के गोरखधंधा के कारण ऐसा नहीं हुआ। शहर में एक घंटे की वर्षा से दुकानों और घरों में पानी भरने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के 10 साल के कार्यकाल में भी जलभराव दूर नहीं हुआ। झांसी और गोरखपुर में मेट्रो चलाने की घोषणा के बावजूद दोनों शहरों में मेट्रो नहीं बनी और जाम से राहत के लिए सार्वजनिक परिवहन भी नहीं है। लिंक एक्सप्रेसवे पर उन्होंने कहा कि यह सात हजार करोड़ रुपये में बना है और इस पर चलने के बाद डाक्टर को दिखाना पड़ता है।
उन्होंने दावा किया कि एम्स में करीब 600 कर्मचारियों की कमी है और गोरखपुर में लखनऊ के पीजीआइ, केजीएमयू तथा डा. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान जैसी सुविधाएं नहीं हैं। एम्स निदेशक के निजी संस्थान में उपचार कराने से जुड़ी खबर का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, 10 वर्षों में गोरखपुर में 500 छोटे-बड़े निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम का पंजीकरण हुआ है।
शिक्षा पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद हुए, जबकि 27 हजार शराब के ठेके खुले। गोरखपुर, कुशीनगर और महराजगंज में भी स्कूल बंद हुए हैं और वर्षा में विद्यालयों में पानी भरने से पढ़ाई प्रभावित होती है। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर आजम खां झूठे मुकदमे हटाए जाएंगे। गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटें जिताने पर मेट्रो चलवाने का वादा भी किया। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि जल्द बातचीत होगी।
अयोध्या जाने के सवाल पर बोले कि जहां आशीर्वाद मिलेगा, वहां जाएंगे। किसानों के उचित फसल मूल्य, डीएपी, रुपये की गिरती कीमत और पुलिस के व्यवहार पर भी उन्होंने सवाल उठाए। रथयात्रा दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु के बारे में उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही और आशंका जताई कि भाजपा उन्हें किसी झूठी घटना में फंसा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।