विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवा पीढ़ी के लिए नए अवतार में आएगी 'श्रीरामचरितमानस', पहली बार छपेगा 5 रंगों वाला खास एडिशन

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:00 AM (IST)

गीताप्रेस नई पीढ़ी को सनातन साहित्य से जोड़ने के लिए श्रीरामचरितमानस का एक आकर्षक और आधुनिक संस्करण प्रकाशित कर रहा है।

श्रीरामचरितमानस का कवर पेज

श्रीरामचरितमानस का कवर पेज

HighLights

  1. गीताप्रेस ने युवाओं के लिए श्रीरामचरितमानस का नया संस्करण निकाला।

  2. यह संस्करण पांच रंगों में आर्ट पेपर पर प्रकाशित होगा।

  3. पुस्तक में 27 रंगीन चित्र और मखमली जिल्द शामिल है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नई पीढ़ी को सनातन साहित्य और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से गीताप्रेस श्रीरामचरितमानस का आकर्षक और आधुनिक संस्करण प्रकाशित करने जा रहा है। विशेष रूप से युवा वर्ग की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही इस पुस्तक का नाम ‘युवा वर्ग के लिए श्रीरामचरितमानस का आकर्षक संस्करण’ रखा गया है।

इस संस्करण की खास बात यह है कि इसे पहली बार पांच रंगों में आर्ट पेपर पर प्रकाशित किया जाएगा। 872 पृष्ठों की इस पुस्तक में 27 फुल पेज रंगीन चित्र शामिल किए गए हैं, जो पाठकों को रामकथा से भावनात्मक रूप से जोड़ने में मदद करेंगे। पुस्तक का मूल्य 800 रुपये निर्धारित किया गया है।

युवाओं की रुचि और पसंद को ध्यान में रखते हुए पुस्तक की डिजाइन, फांट और जिल्द में विशेष बदलाव किए गए हैं। इसकी जिल्द को मखमली और चमकदार बनाया गया है। छोटे फांट में पुस्तक तैयार की गई है।

गीताप्रेस की यह पहल ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब नई पीढ़ी को पारंपरिक धार्मिक और सांस्कृतिक साहित्य से जोड़ने की जरूरत महसूस की जा रही है। प्रबंधक डॉ. लालमणि तिवारी ने बताया कि इससे पहले जून 2022 में आर्ट पेपर पर श्रीरामचरितमानस का एक संस्करण प्रकाशित किया गया था, जिसकी कीमत 1600 रुपये रखी गई थी। अब नए संस्करण की कीमत 800 रुपये निर्धारित कर इसे अपेक्षाकृत कम मूल्य पर उपलब्ध कराने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर महोत्सव में दिखेगा रील से रंगोली तक का हुनर, 11 से 17 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में आयोजन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।