गोरखपुर महोत्सव में दिखेगा रील से रंगोली तक का हुनर, 11 से 17 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में आयोजन
गोरखपुर महोत्सव 11 से 17 जनवरी 2027 तक चंपा देवी पार्क में आयोजित होगा, जिसमें रील से रंगोली तक विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

आयुक्त सभागार में गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक करते मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह साथ में जिलाधिकारी दीपक मीणा व अन्य। जागरण
HighLights
रील, फोटोग्राफी, मूर्तिकला, रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं होंगी।
स्थानीय प्रतिभाओं और कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच।
11 से 17 जनवरी 2027 तक चंपा देवी पार्क में आयोजन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव इस बार सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहेगा। रील बनाने से लेकर फोटोग्राफी, मूर्तिकला और रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं के जरिये शहर की रचनात्मक प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।
सात दिवसीय गोरखपुर महोत्सव का आयोजन 11 से 17 जनवरी 2027 तक रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में होगा। इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने और स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है।
कला और प्रतिभाओं का बड़ा मंच बनाने की तैयारी
महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयुक्त सभागार में कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक की। उन्होंने आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। महोत्सव को पर्यटन, संस्कृति और इको टूरिज्म के विकास से जोड़ते हुए इसे शहर की कला और प्रतिभाओं के प्रदर्शन का बड़ा मंच बनाने की तैयारी है।
कमिश्नर ने निर्देश दिया कि महोत्सव में रील, फोटोग्राफी, मूर्तिकला और रंगोली बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद की लोक कलाओं और विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर देने के निर्देश उप निदेशक पर्यटन को दिए गए।
बॉलीवुड कलाकारों का भी कार्यक्रम
महोत्सव में शिल्प मेले के आयोजन के साथ बॉलीवुड कलाकारों के कार्यक्रम भी होंगे। इससे स्थानीय हस्तशिल्प और कलाकारों को पहचान मिलने के साथ दर्शकों को मनोरंजन के विविध अवसर मिलेंगे। आयोजन में केवल मंचीय प्रस्तुतियों पर निर्भर रहने के बजाय कला की अलग-अलग विधाओं को शामिल करने की योजना बनाई गई है।
गोरखपुर महोत्सव में स्कूली बच्चों की प्रतिभाओं को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और उच्च शिक्षा स्तर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दिन में स्कूली बच्चों के बैंड और शहर के प्रतिष्ठित बैंड के बीच मुकाबला कराया जाएगा। इसके अलावा खेलकूद की प्रतियोगिताएं भी होंगी।
अधिकारियों को निर्देश
कमिश्नर ने आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझने और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कठिनाई होने पर तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में डीएम दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।