मंत्री संजय निषाद ने आरक्षण की मांग पर गोरखपुर-सोनौली हाईवे किया जाम, पुलिस-प्रशासन में मची खलबली
मंत्री संजय निषाद ने निषाद समाज के आरक्षण की मांग को लेकर गोरखपुर-सोनौली हाईवे जाम कर दिया, जिससे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई।

गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर समर्थकों संग मौजूद मंत्री संजय निषाद। जागरण
HighLights
मंत्री संजय निषाद ने आरक्षण की मांग को लेकर हाईवे जाम किया।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली, वाहनों की लंबी कतारें लगीं।
पंकज चौधरी के आश्वासन पर जाम समाप्त, वार्ता का भरोसा मिला।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकर के मंत्री डाॅ. संजय कुमार निषाद ने बुधवार की शाम उदितपुर इंटर कॉलेज के पास समर्थकों के साथ गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर बैठ गए, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, मंत्री निषाद के धरने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई।
मंत्री निषाद ने कहा कि पार्टी का गठन वर्ष 2016 में निषाद समाज को आरक्षण दिलाने और ताल, घाट, बालू तथा पुश्तैनी अधिकारों से वंचित किए जाने के मुद्दे पर हुआ था। समाज की सभी मांगों से भारतीय जनता पार्टी को अवगत कराया जा चुका है। निषाद समाज से जुड़े विषयों पर निर्णय भाजपा को ही करना है, इसलिए अब गेंद उसके पाले में है।
पार्टी समाज की आवाज लगातार सरकार के सामने उठा रही है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी उनकी आभारी है। मुलायम सिंह यादव ने मझवार में सभी उपजातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिया था और मछुआ समाज के 447 युवाओं को अनुसूचित जाति से अधिकारी बनाया था।
वहीं, हाईवे से हटने के लिए पुलिस व प्रशाासन के अधिकारी उनसे अनुरोध करते रहे। इससे पहले फरेंदा में पदयात्रा कर उदितपुरइंटर कॉलेज में उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि निषाद समाज को पांच किलो राशन नहीं, लखनऊ और दिल्ली में शासन चाहिए।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने नौतनवा सीट जीती थी और इस बार फरेंदा तथा नौतनवा, दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है।
निषाद ने कहा कि महराजगंज के लोग हमेशा पंकज चौधरी को समर्थन देते आए हैं और अब उनसे मछुआ समाज के आरक्षण का मुद्दा केंद्र तथा प्रदेश सरकार के सामने उठाकर समाधान कराने की अपेक्षा है।
हालांकि, कुछ देर बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मोबाइल पर डाॅ. संजय निषाद से बात कर आरक्षण सहित सभी मुद्दों पर वार्ता का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम छह बजे जाम समाप्त हुआ। इस दौरान दोनों तरफ लगभग आठ किलोमीटर वाहनों की कतार लगी रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।