गोरखपुर में अखिलेश यादव का भव्य स्वागत, क्रेन-बुलडोजर से पीडीए कार्यकर्ताओं ने दिखाया दम
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का गोरखपुर में भव्य रोड शो हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने क्रेन, बुलडोजर और घोड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में उमड़ी भीड़ में पीडीए की तख्ती दिखाते कार्यकर्ता। सोर्स- समाजवादी पार्टी का एक्स हैंडल
HighLights
अखिलेश यादव का गोरखपुर में क्रेन-बुलडोजर से भव्य स्वागत।
पीडीए कार्यकर्ताओं ने रोड शो में दिखाया जबरदस्त उत्साह।
अखिलेश ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन कर हाथ भी मिलाया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत में बुधवार को कार्यकर्ता क्रेन व बुलडोजर लेकर आए। एयरपोर्ट से शुरू हुए रोड शो का हर 100 से 200 मीटर की दूरी पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने हिसाब से स्वागत किया।
हाथों में पार्टी का झंडा, सिर पर लाल टोपी और नारों के बीच कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा। अखिलेश यादव के काफिले के पहुंचते ही समर्थकों ने फूल बरसाया और नारे लगाकर स्वागत किया। पीडीए रथ पर चढ़कर वह कार्यकर्ताओं का अभिवादन किए थे गेट खोलकर हाथ भी मिलाया।
बुधवार की अपराह्न 1:30 बजे अखिलेश यादव एयरपोर्ट से रोड शो के लिए निकले। उनके स्वागत के लिए पहले से ही अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की टोलियां जुटी थीं। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ थी। कहीं कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर मंच पर खड़े थे तो कहीं फूल-मालाओं के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार कर रहे थे।
एयरफोर्स से रथ आगे बढ़ा तो नंदानगर, एम्स, कूड़ाघाट, देवरिया रोड में एम्स गेट, सिंघड़िया, इंजीनियरिंग कॉलेज से पहले, गेट के पास, रानीडीहा, सूबाबाजार, बाईपास, कुसम्ही जंगल, कड़जहा, मोतीराम अड्डा, गहिरा, देवीपुर में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शाम चार बजे वह कार्यक्रम स्थल चौरी चौरा के देवकही गांव पहुंचे। स्वागत में कार्यकर्ता कहीं घोड़ों के साथ पहुंचे तो कहीं क्रेन व बुलडोजर लेकर। म्यूजिक सिस्टम, बैंडबाजा, सिंघा भी स्वागत में लाया गया था।
स्वागत के बहाने ताकत दिखाने में जुटे नेता
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश के स्वागत के बहाने कुछ नेता ताकत दिखाने में जुटे रहे। स्वागत के लिए उन्हाेंने अलग जगह चुनी और अपने समर्थकों संग वहां अपने नेता का इंतजार करते रहे। अखिलेश यादव ने भी किसी को निराश नहीं किया। वह हर जगह रूके, लिफ्ट से रथ पर चढ़ कार्यकर्ता का अभिवादन किया, गेट खोल हाथ मिलाया। यह कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का क्षण रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।