गोरखपुर में अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, विकास-कानून को मुद्दा बनाकर दिया सत्ता परिवर्तन का संदेश
अखिलेश यादव ने गोरखपुर में चौरीचौरा से भाजपा सरकार पर विकास, कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर तीखा हमला बोला।

गोरखपुर में रैली के बाद जनसभा को संबाेधित करते अखिलेश यादव। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चौरीचौरा की क्रांतिकारी विरासत, अमर बलिदानी बाबू बंधू सिंह का संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियों के सहारे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पूर्वांचल में चुनावी अभियान का राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की।
चौरीचौरा की धरती से उन्होंने भाजपा सरकार को विकास, कानून-व्यवस्था, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर घेरा तो गोरखपुर को भी निशाने पर रखा। उनके भाषण में स्थानीय समस्याओं के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीतिक विरासत, गोरखपुर में पुलिस की कार्यशैली और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सीधा हमला दिखाई दिया।
उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को सत्ता परिवर्तन की ताकत बताते हुए कहा कि पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति ही पीडीए है। सपा की सरकार बनने पर सभी को बराबर सम्मान और सामाजिक न्याय देने का भरोसा भी दिया।
अखिलेश यादव ने चौरीचौरा के ऐतिहासिक महत्व को अपने संबोधन का आधार बनाया। उन्होंने 1857 की क्रांति, असहयोग आंदोलन और चौरीचौरा संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती के बलिदानियों ने देश को आजादी दिलाने में योगदान दिया।
अमर बलिदानी बाबू बंधू सिंह और उनके साथ शहीद हुए लोगों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी ऐतिहासिक धरती पर आना गर्व की बात है। चौरीचौरा ने दुनिया के आंदोलनों में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने जनसभा में उमड़ी भीड़ और एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक मिले जनसमर्थन का भी उल्लेख किया।
कहा कि बाइक से यह दूरी तय करने में सामान्यत: एक घंटे लगते हैं, लेकिन लोगों के उत्साह के कारण उन्हें यहां पहुंचने में कई घंटे लग गए। उनके मुताबिक, चौरीचौरा के लोग स्वतंत्रता आंदोलन की तरह इस चुनाव में भी बदलाव का संदेश देंगे।
पुलिस की कार्यशैली पर सीधा हमला
अखिलेश ने गोरखपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और गोरखपुर में अन्याय के मामलों में पुलिस की भूमिका गंभीर सवाल खड़े करती है। एक ब्राह्मण परिवार के साथ कथित दुर्व्यवहार और पुलिसकर्मियों द्वारा जूता चटवाने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे अपमानजनक बताया।
उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या यह घटना सही है। दलितों के साथ अन्याय के मामलों का जिक्र करते हुए दावा किया कि सरकारी आंकड़ों में गोरखपुर की स्थिति चिंताजनक है। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने जनसभा में कोई विस्तृत आंकड़ा प्रस्तुत नहीं किया।
पुलिस की कार्यशैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले समाजवादी सरकार ने पुलिस के लिए 100 नंबर की व्यवस्था शुरू की थी, लेकिन अब स्थिति यह है कि 'हथेली गरम, पुलिस नरम'। इस टिप्पणी के जरिये उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई के बजाय लेनदेन और पक्षपात के आरोप लगाए। उनका यह हमला इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। अखिलेश ने कानून-व्यवस्था के सवाल को सीधे मुख्यमंत्री की राजनीतिक जिम्मेदारी से जोड़ने की कोशिश की।
शहर के विकास पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर में यूरोप जैसी सुविधाओं के दावे किए जाते हैं, लेकिन कुछ घंटे की बारिश में घरों तक पानी पहुंच जाता है। उन्होंने मेट्रो चलाने के पुराने वादे का जिक्र करते हुए कहा कि यहां लोग मेट्रो से नहीं, बरसात में नाव से चलते हैं। गोरखपुर की जलभराव समस्या को उन्होंने भाजपा के विकास मॉडल से जोड़ते हुए स्पेन और वेनिस जैसे शहरों की तुलना पर कटाक्ष किया। फ्लाईओवर से होने वाली असुविधा का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सपा सरकार बनने पर लोगों की जरूरत के मुताबिक फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री की विरासत पर सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने विरासत और परिवारवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरासत में गद्दी तो मिल सकती है, बुद्धि नहीं। इसके बाद उन्होंने मठ की उत्तराधिकार परंपरा का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि हजारों साधु-संतों के बीच वर्तमान मुख्यमंत्री को किस योग्यता के आधार पर उत्तराधिकारी चुना गया।
उन्होंने मठ से जुड़े पुराने परिवहन व्यवसाय और बसों-ट्रक का भी जिक्र किया तथा भाजपा पर परिवारवाद के आरोपों में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। इस क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री को नकली संत तक कह दिया। यह हमला केवल व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं था, बल्कि गोरखपुर की धार्मिक-सामाजिक विरासत और मुख्यमंत्री की राजनीतिक पहचान को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की कोशिश भी थी।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी कथित अनियमितताओं का जिक्र किया। कहा कि अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी, लेकिन सरकार ने उन्हें न्याय नहीं दिया। सपा की सरकार बनने पर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य से जोड़ते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में परीक्षाओं में धांधली कराई जा रही है। बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने प्रदेश में 200 प्रतिमाएं तोड़े जाने का दावा किया और सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर अखिलेश ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत की घटना याद दिलाई। कहा कि आठ वर्ष बाद भी प्रभावित परिवारों को न्याय और समुचित मदद नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में गरीबों को बेहतर इलाज नहीं मिल रहा है और मरीजों से पैसे वसूले जा रहे हैं।
एम्स की निदेशक के निजी अस्पताल में इलाज कराने संबंधी जानकारी का उल्लेख कर उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाया। सपा की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेज में एम्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने और बिना किसी कार्ड के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज व दवाएं देने का वादा किया। सैफई मेडिकल कॉलेज और लोहिया अस्पताल की व्यवस्था का उदाहरण भी दिया।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने डीएपी की कमी और खाद की बोरी में चोरी का सवाल उठाया। महंगाई के अनुपात में किसानों को मदद नहीं मिलने की बात कही। पेट्रोल में एथेनाल मिश्रण, ई-20 ईंधन और उससे वाहनों को होने वाली संभावित परेशानी का मुद्दा उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर युवाओं को पक्की नौकरी और पक्की वर्दी देने का काम किया जाएगा।
अखिलेश ने एक्सप्रेसवे के निर्माण, लैपटॉप वितरण और एंबुलेंस सेवा का उल्लेख कर सपा सरकार के कार्यकाल को भी सामने रखा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को समाजवादी सरकार की उपलब्धि बताया, जबकि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और लागत पर सवाल उठाए। इसके लिए ठेकेदारों से चंदा लेने का आरोप लगाते हुए एडीआर रिपोर्ट का हवाला दिया।
उन्होंने भाजपा सरकार पर 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद करने और 27 हजार शराब की दुकानें खुलवाने का भी आरोप लगाया। इंटरनेट बंद किए जाने को लेकर तंज कसा कि विश्वगुरु बनने की बात करने वाले देश में भाषण के दौरान इंटरनेट काट दिया गया।
जनसभा के समापन पर अखिलेश ने पीडीए की परिभाषा को व्यापक बताते हुए कहा कि जो पीड़ित, दुखी और अपमानित है, वही पीडीए है। बंधू राज की परिकल्पना के जरिये सामाजिक न्याय और बराबरी का संदेश दिया। काशी में डबल इंजन को डबल जीरो मिलने का दावा करते हुए उन्होंने गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का भरोसा जताया।
चौरीचौरा की क्रांतिकारी विरासत से शुरुआत कर पुलिस, स्वास्थ्य, रोजगार, किसानों और मुख्यमंत्री की विरासत तक पहुंचे अखिलेश के भाषण का केंद्रीय संदेश यही रहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर को विकास के दावों के बजाय स्थानीय समस्याओं और सामाजिक न्याय के सवालों पर घेरा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।