विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर को कला की थाती से मिलेगी सांस्कृतिक पहचान, एक जिला-एक कला की अवधारणा से चटख होंगे संस्कृति के रंग

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:36 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'एक जिला-एक कला' योजना से गोरखपुर को नई सांस्कृतिक पहचान मिलेगी। इसके तहत बिरहा, फरुवाही जैसी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी की 'एक जिला-एक कला' योजना शुरू।

  2. गोरखपुर की बिरहा, फरुवाही जैसी लोककलाओं को मिलेगा मंच।

  3. सार्वजनिक स्थलों और चौराहों पर होंगी नियमित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। राप्ती की लहरों के साथ लोकगीतों की मिठास और गांव की चौपालों से निकली लोककलाओं की थाप अब शहर के सार्वजनिक स्थलों और चौराहों तक सुनाई देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक जिला-एक कला योजना शुरू करने की घोषणा के बाद प्रदेश के सभी जिलों को आधिकारिक सांस्कृतिक पहचान मिलेगी।

इस क्रम में गोरखपुर की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने की उम्मीद जगी है। योजना के तहत जिले की विशिष्ट कलाओं को चिह्नित कर उन्हें मंच देने की तैयारी है। इसके लिए संस्कृति विभाग शासन के दिशा-निर्देशों का इंतजार कर रहा है।

लोकसंस्कृति को जीवंत रखे हैं कलाकार

गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान में बिरहा, फरुवाही लोकनृत्य, कजरी, चैता और पारंपरिक लोकगायन जैसी विधाओं की समृद्ध परंपरा शामिल है। ग्रामीण अंचलों में आज भी इन विधाओं से जुड़े कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकसंस्कृति को जीवंत रखे हुए हैं।

हालांकि, बदलते समय में इन कलाकारों को बड़े मंच और नियमित अवसर मिलने की चुनौती बनी हुई है। एक जिला-एक कला योजना इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन की तर्ज पर प्रस्तावित इस योजना में जिले की ऐसी कलाओं को शामिल किया जाएगा, जिनकी अपनी विशिष्ट पहचान है।

इसके लिए गोरखपुर की पारंपरिक लोककलाओं, लोकनृत्यों, संगीत और दूसरी सांस्कृतिक विधाओं की सूची तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। शासन से दिशा-निर्देश मिलने के बाद चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

चौपाल से चौराहे तक सजेगी लोककला की महफिल

योजना की खास बात यह है कि कलाकारों को केवल सभागारों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर भी नियमित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कराने की परिकल्पना है। प्रतिदिन आयोजन संभव नहीं होने पर सप्ताह में कम से कम एक दिन कलाकारों को अपनी विधा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

ऐसे में गोरखपुर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बिरहा, फरुवाही और लोकगीतों की प्रस्तुतियां शहर के सांस्कृतिक वातावरण को नया रंग दे सकती हैं। इससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ ही शहरवासियों को अपनी लोकपरंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

अभी शासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। दिशा-निर्देश मिलने के बाद जिले की विशिष्ट कलाओं की सूची तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इसके आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

-डाॅ. यशवंत सिंह राठौर, उप निदेशक, राजकीय बौद्ध संग्रहालय एवं संस्कृति विभाग, गोरखपुर

यह भी पढ़ें- स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना: गोरखपुर में 20 नवंबर को बांटा जाएगा टैबलेट, पात्रों की सूची जारी

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में AI की मदद से पकड़ी जा रही बिजली चोरी, विभाग की टीम कर रही छापेमारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।