गोरखपुर में AI की मदद से पकड़ी जा रही बिजली चोरी, विभाग की टीम कर रही छापेमारी
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) अब बिजली खपत डेटा का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट देकर बिजली चोरी पकड़ने में मदद ...और पढ़ें

इस सांकेतिक फोटो को एआई टूल गूगल जेमिनी से बनाया गया है।
HighLights
AI बिजली खपत डेटा विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करता है।
गोरखपुर की गत्ता फैक्ट्री में AI रिपोर्ट से बिजली चोरी पकड़ी गई।
जेमिनी प्रो का मुफ्त वर्जन बिजली निगम द्वारा उपयोग किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) बिजली चोरी भी पकड़ने लगा है। बिजली खपत के डाटा का विश्लेषण कर एआई कनेक्शन पर संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट दे रहा है। इसके आधार पर बिजली निगम छापा मार रहा है।
राप्तीनगर खंड क्षेत्र के भगवानपुर स्थित गत्ता फैक्ट्री में बिजली चोरी पकड़ने में एआई की रिपोर्ट ही मददगार बनी थी। कई बिजली कनेक्शन पर संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट एआई से मिली है। बिजली निगम इन कनेक्शन की जांच कराने जा रहा है।
शुक्रवार को बिजली निगम के अभियंताओं को अलर्ट मिला था कि राप्तीनगर उपकेंद्र क्षेत्र के नकहा नंबर दो भगवानपुर के मकान नंबर 283 देव हाउस में चोरी की बिजली से गत्ता फैक्ट्री का संचालन हो रहा है।
इसके बाद पांच अभियंताओं की टीम बनाकर रात 9:25 बजे छापा मारा गया। पहले तो अभियंता चोरी की पुष्टि ही नहीं कर सके। तकनीकी जांच में एक्सपर्ट अवर मीटर परीक्षक दिनेश पांडेय ने खपत का डाटा के आधार पर विश्लेषण शुरू किया।
उन्होंने अवर मीटर परीक्षक बृजेश त्रिपाठी को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद पता चला कि शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली का उपभोग किया जा रहा था। चार महीने से अचानक बिजली की खपत कम होने की भी पड़ताल की जा रही है।
इसके आधार पर उपभोक्ता राबड़ी देवी के बेटे जितेंद्र सिंह के खिलाफ एंटी थेफ्ट बिजली थाना में एफआइआर दर्ज कराई गई है। मीटर काे सील कर परीक्षण खंड में जमा कराया गया है।
एक महीने के डाटा का हो रहा विश्लेषण
बिजली निगम नौ किलोवाट से ज्यादा क्षमता वाले कनेक्शनों पर दो मीटर स्थापित करता है। इन मीटरों की मीटर रीडिंग इंस्ट्रूमेंट (एमआरआइ) से जांच कराई जाती है। जांच के आधार पर बिजली का बिल बनाया जाता है लेकिन बिजली निगम जांच के आधार पर यह नहीं तय कर पाता है कि किस समय कितनी बिजली की खपत हुई है। इसको एआई ने आसान कर दिया है। एआई को एमआरआई का डाटा दे दिया जाता है। इसके आधार पर एआई विश्लेषण कर बिजली खपत के एक-एक सेकेंड के उतार-चढ़ाव की रिपोर्ट देता है।
जेमिनी प्रो का मुफ्त वर्जन बिजली निगम को मिला है। इसके आधार पर डाटा का विश्लेषण आसान हो गया है। कई कनेक्शन संदेह के घेरे में हैं। इनकी जांच कराई जाएगी। बिजली चोरी किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी। -लोकेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य अभियंता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।