विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में तस्करी का भंडाफोड़: फिनायल के फर्जी बिल पर हरियाणा से बिहार भेजी जा रही थी शराब, STF ने दबोचा

Published: Mon, 02 Nov 2026 09:54 PM (IST)

एसटीएफ गोरखपुर और खोराबार पुलिस ने हरियाणा से बिहार जा रही 2865 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गोरखपुर में 2865 लीटर अवैध शराब बरामद।

  2. फिनायल के फर्जी बिल से हो रही थी तस्करी।

  3. हरियाणा से बिहार जा रही थी शराब की खेप।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। फिनायल के नाम पर फर्जी ई-वे बिल और कूटरचित बिल्टियां तैयार कर कंटेनर से शराब की तस्करी की जा रही थी। हरियाणा से बिहार के पटना भेजी जा रही 2865 लीटर अंग्रेजी शराब एसटीएफ गोरखपुर और खोराबार पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह बरामद की। कंटेनर में शराब की 323 पेटियां थीं।

तलाशी में फिनायल का फर्जी ई-वे बिल और दो कूटरचित बिल्टियां भी मिलीं। पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर निवासी चालक थानाराम को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध जालसाजी और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह है पूरा मामला

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि हरियाणा के अंबाला से शराब की बड़ी खेप कंटेनर में लादकर बिहार भेजी जा रही है। इसके बाद एसटीएफ और खोराबार पुलिस ने सोमवार सुबह खोराबार क्षेत्र में लखनऊ फोरलेन पर घेराबंदी कर कंटेनर पकड़ा।

तलाशी में 323 पेटियों से कुल 2865 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तस्करी के लिए तैयार दस्तावेजों में कंटेनर में फिनायल ले जाने का विवरण दर्ज था। ई-वे बिल भी फिनायल के नाम पर बनाया गया था, जबकि कंटेनर में शराब की पेटियां भरी थीं।

पुलिस के अनुसार, दो बिल्टियां कूटरचित थीं। इन दस्तावेजों के जरिये शराब को सामान्य माल बताकर एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने की कोशिश की जा रही थी। पूछताछ में चालक थानाराम ने बताया कि शराब हरियाणा से पटना भेजी जा रही थी। इस मामले में पटना निवासी शिवन सिंह और अनिल बायतू के नाम सामने आए हैं।

इतनी बड़ी खेप कैसे बाहर निकली? हो रही जांच

चालक के मुताबिक, अनिल बायतू ने अंबाला से शराब भेजने के लिए उससे संपर्क किया था। उसका मोबाइल नंबर भी चालक के पास मिला है। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। अंबाला स्थित शराब फैक्ट्री के कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका भी है। चालक पहले भी शराब की खेप लेकर जा चुका है।

एसटीएफ जांच कर रही है कि शराब फैक्ट्री से इतनी बड़ी खेप कैसे बाहर निकली, फिनायल के नाम पर फर्जी ई-वे बिल किसने बनाया और कूटरचित बिल्टियां कहां तैयार हुईं। पटना तक शराब पहुंचाने वाले नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

जालसाजी में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि एसटीएफ गोरखपुर इकाई के उपनिरीक्षक विनायक सिंह की तहरीर पर खोराबार थाना पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर स्थित कमठाई गोदारो की ढाणी निवासी थानाराम और उसके अज्ञात सहयोगियों के विरुद्ध कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने तथा आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कंटेनर सीज कर दिया गया है। शराब तस्करी और जालसाजी में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में CSP लूट के दौरान फायरिंग करने वाला वांटेड गिरफ्तार, STF ने दबोचा

यह भी पढ़ें- अदालत के आदेश पर पुलिस का एक्शन, गाजियाबाद में जालसाजी कर जमानत कराने वाले 2 भाइयों पर FIR

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।