गोरखपुर में पांच साल के आयुष की हत्या कर राप्ती नदी में फेंका, तीन दिन बाद मिला शव; सौतेला पिता गिरफ्तार
गोरखपुर में पांच वर्षीय आयुष शर्मा की सौतेले पिता ने हत्या कर दी थी। तीन दिन बाद राप्ती नदी से बच्चे का शव बरामद किया गया, जिसके बाद आरोपित सौतेले पिता रितिक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरुष की फाइल फोटो।
HighLights
सौतेले पिता ने पांच वर्षीय आयुष की हत्या की।
बच्चे का शव तीन दिन बाद राप्ती नदी से मिला।
आरोपित सौतेला पिता रितिक यादव पुलिस हिरासत में।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय आयुष शर्मा की हत्या कर शव राप्ती नदी में फेंकने के मामले में रविवार को बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। तीन दिन से बच्चे की तलाश में जुटी पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को सफलता मिली। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही मां रुबी शर्मा बदहवास हो गईं। पुलिस उन्हें स्वजन के साथ नौसड़ के पास घटनास्थल पर ले जा रही थी, तभी वह आटो में ही बेहोश हो गईं। उधर, पुलिस ने हत्यारोपित सौतेले पिता रितिक यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पादरी बाजार निवासी रितिक यादव ने पांच वर्ष पहले रुबी शर्मा से शादी की थी। रुबी की यह दूसरी शादी थी। पहले पति से उनका पांच वर्षीय बेटा आयुष था। रितिक अपनी संतान चाहता था, जबकि रुबी इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, आयुष के कुछ अपशब्द कहने से भी रितिक नाराज था। इसी खुन्नस में उसने बच्चे की हत्या की साजिश रच डाली।
गुरुवार की सुबह पांच बजे रुबी काम पर चली गई थीं। आयुष कमरे में सो रहा था। इसी दौरान रितिक कार से पहुंचा और बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया। सीसी कैमरे के फुटेज में आयुष को रितिक के साथ कार में जाते देखा गया।
इसके आधार पर पुलिस ने रितिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बच्चे की हत्या कर बाघागाड़ा पुल के पास राप्ती नदी में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। शनिवार को भी अभियान जारी रहा और रविवार की सुबह शव बरामद हुआ।

हत्यारोपित रितिक यादव
थाने में मां ने आरोपित से पूछा, मेरा बेटा कहां है
बच्चे की मां रुबी शर्मा शनिवार की रात 11 बजे शाहपुर थाने पहुंचीं। वहां उन्होंने रितिक से बार-बार पूछा कि उनका बेटा कहां है और उसे वापस कर दे। इस पर रितिक ने सिर्फ इतना कहा कि बहुत बड़ी गलती हो गई। इसके बाद वह चुप हो गया। मां लगातार बेटे को लौटाने की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे के बिना नहीं रह पाएंगी।
बेटे की मौत पर नहीं हो रहा था विश्वास
रविवार सुबह आठ बजे से ही रुबी शाहपुर थाने में बैठकर रोती रहीं। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि उनके बेटे की हत्या कर दी गई है। वह बार-बार पुलिस से बेटे को वापस दिलाने की गुहार लगा रही थीं। रुबी का कहना था कि रितिक थाने में गहरी नींद में सो रहा है और उसके चेहरे पर कोई शिकन तक नहीं है। पूछने पर भी वह कुछ नहीं बता रहा।
यह भी पढ़ें- घर जाने की झंझट खत्म, अब हॉस्टल या किराये के कमरे के पते पर ही बन सकेंगे मतदाता
बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद मां की हालत बिगड़ गई। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बच्चे का शव बरामद हो गया है। पहचान के लिए मां को नौसड़ स्थित राप्ती नदी तट पर ले जाया जा रहा है। आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।