गोरखपुर में श्रेयस और केयान लगाएंगे 4500 करोड़ के चार प्लांट, किसानों को मिलेगा नया बाजार
गोरखपुर में श्रेयस और केयान डिस्टिलरीज 4500 करोड़ रुपये के निवेश से चार नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करेंगी। इन प्लांट्स में एथनाल, बीयर और माल्ट स्प्रिट का उत्पादन होगा, जिससे किसानों को नया बाजार और 600 लोगों को रोजगार मिलेगा।

धुरियापार में श्रेयस डिस्टिलरीज की तीन और भीटी रावत में केयान डिस्टिलरीज की एक इकाई को शासन की मंजूरी। जागरण
HighLights
गोरखपुर में श्रेयस और केयान लगाएंगी चार औद्योगिक इकाइयां।
एथनाल, बीयर, माल्ट स्प्रिट उत्पादन से किसानों को लाभ।
पहले चरण में 4500 करोड़ निवेश, 600 लोगों को रोजगार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल में एथनाल और डिस्टिलरी उद्योग का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में गोरखपुर ने कदम बढ़ाया है। शासन ने जिले में चार बड़ी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इनमें गीडा के धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में मेसर्स श्रेयस डिस्टिलरीज एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड तीन इकाइयां लगाएगी, जबकि सहजनवा के भीटी रावत में मेसर्स केयान डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड अपनी दूसरी इकाई स्थापित करेगी।
इन परियोजनाओं में एथनाल, बीयर और माल्ट स्प्रिट का उत्पादन होगा। अनाज आधारित उद्योगों से चावल और मक्का उत्पादक किसानों को स्थानीय स्तर पर नया बाजार मिलेगा। साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इन उद्योगों में पहले चरण में करीब 4500 करोड़ का निवेश होगा और जिसमें करीब 600 लोगों को रोजगार मिलेगा।
धुरियापार में श्रेयस लगाएगी तीन प्लांट
गीडा के धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-एस-5 में श्रेयस डिस्टिलरीज तीन इकाइयां स्थापित करेगी। शासन ने कंपनी को 750 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता की अनाज आधारित एथनाल इकाई लगाने की अनुमति दी है। वर्ष में 350 कार्य दिवसों के हिसाब से इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 26.25 करोड़ लीटर होगी।
इसी परिसर में कंपनी 15 लाख हेक्टोलीटर यानी 15 करोड़ लीटर वार्षिक क्षमता की ब्रुअरी लगाएगी। यहां अनाज आधारित बीयर का उत्पादन होगा। इसके अलावा 10 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता की माल्ट डिस्टिलरी भी स्थापित होगी। इसकी वार्षिक क्षमता 3500 किलोलीटर होगी। इसमें अनाज से माल्ट स्प्रिट तैयार की जाएगी।
भीटी रावत में केयान की ड्यूल मोड इकाई
सहजनवा के भीटी रावत स्थित गीडा के सेक्टर-26 में केयान डिस्टिलरीज अपनी दूसरी इकाई लगाएगी। यहां बनने वाली यह इकाई ड्यूल मोड तकनीक पर आधारित होगी। इसमें अनाज और शीरा दोनों से अल्कोहल तैयार किया जा सकेगा। प्रस्तावित तकनीकी क्षमता चावल से 140, मक्का से 120 और शीरा से 128 किलोलीटर प्रतिदिन है। हालांकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति के अनुसार फिलहाल 100 किलोलीटर प्रतिदिन उत्पादन की अनुमति दी गई है। यहां उत्पादित अल्कोहल का 60 प्रतिशत पेय और 40 प्रतिशत औद्योगिक उपयोग के लिए होगा।
कैमरों और आनलाइन सिस्टम से होगी निगरानी
चारों इकाइयों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासन ने कड़ी शर्तें लगाई हैं। मुख्य द्वार और धर्मकांटों पर वाहनों की नंबर प्लेट दर्ज करने के लिए एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। टैंकों में राडार आधारित लेवल ट्रांसमीटर और मास फ्लोमीटर लगाकर आबकारी विभाग के पोर्टल से जोड़े जाएंगे। ग्रेन साइलो और कन्वेयर बेल्ट पर पारदर्शी ग्लास प्लेट लगानी होगी, जिससे अनाज की किस्म की निगरानी हो सके।
यह भी पढ़ें- इंटरनेट मीडिया पर छाया गोरखपुर के राजघाट का दीपोत्सव, सवा लाख दीपों की रोशनी ने मोहा मन
सभी इकाइयों को पर्यावरण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उद्योगों के लिए अनाज की आपूर्ति से प्रदेश में मनुष्यों और पशुओं के खाद्यान्न की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली स्टीयरिंग कमेटी इसकी निगरानी करेगी।
गीडा और धुरियापार में चार फैक्ट्रियों को शासन की मंजूरी मिलना गीडा के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह देश से बड़ेे निवेश को आकर्षित करने में भी काफी सहायक साबित होगा। इसके अलावा इन चारों उद्योगों के स्थापित होने से इससे जुड़ी सहायक उद्योगों को स्थापित होने काे भी काफी बढ़ावा मिलेगा।
-विशाल कुमार, सीईओ, गीडा
गोरखपुर और पूर्वांचल को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। भीटी रावत से धुरियापार तक हजारों करोड़ रुपये का निवेश इसी संकल्प की कड़ी है। हमारा प्रयास है कि उद्योगों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार मिले और उन्हें आजीविका के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन न करना पड़े।
-विनय कुमार सिंह, संस्थापक, केयान डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड एवं चेयरमैन, श्रेयस ग्रुप आफ कंपनीज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।