सेवा सेतु अभियान: गोरखपुर में 250 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ, कर विभाग में 5.28 लाख राजस्व जमा
गोरखपुर के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में चल रहे पांच दिवसीय सेवा सेतु अभियान में दूसरे दिन लगभग 250 लोगों ने ...और पढ़ें

नगर निगम परिसर। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में चल रहे पांच दिवसीय सेवा सेतु अभियान में दूसरे दिन करीब 250 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। पांच अक्टूबर से शुरू हुआ शिविर नौ अक्टूबर तक चलेगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल पर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। 20 लोगों की आवश्यक जांच की गई, जबकि पांच जरूरतमंदों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए। नगर निगम के कर विभाग में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 52 आवेदन संपत्ति कर में सुधार और मूल्यांकन से संबंधित थे। करदाताओं ने मौके पर 5,28,928 रुपये का राजस्व भी जमा किया।
डूडा के स्टाल पर पीएम स्वनिधि योजना की प्रथम किस्त के लिए 25 नए आवेदन मिले। पांच आवेदकों को प्रथम किस्त का ऋण वितरित किया गया। तृतीय किस्त (50 हजार रुपये) के लिए चार आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।
एक परिवार एक पहचान योजना के तहत फैमिली आइडी के लिए 11 आवेदन स्वीकार किए गए। मतदाता पंजीकरण केंद्र पर 14 नए मतदाताओं के पंजीकरण फार्म भरे गए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को पेंशन और उपकरणों के लिए दो आवेदन मिले।
श्रम विभाग में छह नए श्रमिकों का पंजीकरण और चार पुराने श्रमिकों का नवीनीकरण किया गया। आधार सेवा केंद्र पर 38 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 10 लोगों को आधार संबंधी समस्याओं में मार्गदर्शन दिया गया। विद्युत विभाग में दो उपभोक्ताओं के बिजली का भार कम कराने संबंधी आवेदन पर कार्रवाई शुरू की गई।
यह भी पढ़ें- ठंड आते ही बदला गोरखपुर Zoo का मैन्यू: बाघ-तेंदुए को ज्यादा मांस, तो गैंडे को मिलेगा गुड़-गन्ना
अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि इसके अलावा उद्योग विभाग के स्टाल पर युवाओं को स्वरोजगार और उद्योग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर नौ अक्टूबर तक जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दवाओं पर 70 प्रतिशत तक छूट, राहत या नकली दवाओं का छलावा
