गोरखपुर रोड शो हादसे में मुख्य आरोपित मृत्युंजय उर्फ बिट्टू गिरफ्तार, स्वागत समारोह का था आयोजक
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में भाजपा नेता के बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में मुख्य आरोपी मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिट्टू स्वागत समारोह का आयोजक था और उसी ने रोड शो के लिए बैकहो लोडर किराए पर बुलाया था; इस मामले में हत्या व आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

HighLights
सपा रोड शो में किशोर आर्यवर्धन की मौत का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू ने बैकहो लोडर किराए पर बुलाया था।
मामले में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं भी जोड़ी गईं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में बैकहो लोडर की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में मुख्य आरोपित मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एम्स थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात उसे पकड़ा।
बिट्टू स्वागत समारोह का आयोजक था। पुलिस के अनुसार, उसी ने रोड शो के लिए बैकहो लोडर किराये पर बुलाया था। इस मामले में 66 लोगों को आरोपित बनाया गया है। चालक व चार सपा नेताओं को एम्स थाना पुलिस ने शुक्रवार की शाम हत्या के ामामले में जेल भेजा था।
आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने पहले लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों और वादी के दूसरे प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमे में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं बढ़ाई गईं।
इसके बाद से पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस इस मामले में बैकहो लोडर चालक समेत पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बिट्टू की गिरफ्तारी के बाद अब खोराबार निवासी बैकहो लोडर मालिक मनोज मिश्रा की तलाश तेज कर दी गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- टाइपिंग में फेल होने पर भी रेलकर्मियों की नहीं जाएगी नौकरी, रेलवे क्लर्कों के लिए 2017 के नियम लागू
वहीं, हिरासत में लिए गए अन्य लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस रोड शो में शामिल वाहनों और उनके संचालन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि अन्य आरोपितों की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही सबको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।