गोरखपुर रोड शो हादसा: बैकहो लोडर से किशोर की मौत, छह नामजद समेत 60 पर मुकदमा
गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में बैकहो लोडर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्य ...और पढ़ें

फाइल फोटो - आर्यवर्धन। जागरण
HighLights
सपा रोड शो में बैकहो लोडर से किशोर की मौत।
भाजपा नेता के बेटे आर्य वर्धन की गई जान।
अज्ञात चालक सहित छह नामजद पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन की मौत के मामले में एम्स थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ओंकार सिंह की तहरीर पर बैकहो लोडर के अज्ञात चालक के अलावा साधु यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव, चंद प्रकाश और 50 से 60 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हादसा बुधवार दोपहर करीब दो बजे झारखंडी मोड़ के पास हुआ था। आवास विकास कालोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह का बेटा आर्य वर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने पैदल चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोग उसे एम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आर्य वर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। बेटे की मौत से नाराज परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया था।
उनका आरोप था कि हादसे के बाद कार्रवाई में देरी की जा रही है। जाम के कारण दोनों तरफ करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई थी। सूचना पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डा. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- रोड शो में किशोर की मौत पर अखिलेश पर बरसे योगी, बोले- गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते
ओंकार सिंह ने रोड शो में बैकहो लोडर शामिल कराने वाले आयोजक और चालक के विरुद्ध कार्रवाई के साथ झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग की थी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद रात करीब आठ बजे परिजनों और कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक और आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।