गोरखपुर में विजयदशमी पर सड़क हादसों का कहर, मासूम सहित तीन की मौत
गोरखपुर में विजयदशमी के दिन हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक चार वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में विजयदशमी पर तीन सड़क हादसों में मौतें।
चार वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों ने गंवाई जान।
कैंपियरगंज, सिकरीगंज, बड़हलगंज में हुए दर्दनाक हादसे।
जागरण टीम, गोरखपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में चार वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। कैंपियरगंज में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मासूम की जान चली गई। सिकरीगंज में बाइक और आटो की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई, वहीं पटनाघाट क्षेत्र में तेज रफ्तार पल्सर की टक्कर से छात्रा ने दम तोड़ दिया। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
कैंपियरगंज क्षेत्र के जंगल बब्बन गांव के तिलहवा टोला निवासी उमेश के चार वर्षीय पुत्र दिव्यांश को मंगलवार शाम छह बजे तिलहवा चौराहे पर ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्वजन सीएचसी कैंपियरगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है। ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बनकटी गांव में यूएस सेंट्रल एकेडमी के सामने बाइक और आटो की टक्कर में बारीगांव निवासी बलजीत विश्वकर्मा की मौके पर मौत हो गई। वह उरुवां बाजार में बाइक मरम्मत का काम करता था। आटो सवार लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने जा रहे थे। हादसे में सूरज के परिवार के बच्चों समेत कई लोग घायल हुए। सूरज के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए, जबकि प्रिंस और पंकज की हालत नाजुक बताई गई। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर किया गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बोले योगी आदित्यनाथ- रावण से प्रेरित हैं समाज को बांटने वाले, सनातन ही सबकी सुरक्षा
बड़हलगंज विकास खंड के गायघाट गांव में मंगलवार रात आठ बजे कावेरी देवी महिला विद्यालय के सामने तेज रफ्तार पल्सर की टक्कर से विजय पाल की 17 वर्षीय पुत्री जानकी पाल गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी बड़हलगंज ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में शामिल बाइक का नंबर यूपी 50 सीआर 6494 बताया गया है। पुलिस बाइक चालक की तलाश कर रही है।
