गोरखपुर दुष्कर्म मामले में नया मोड़, थाने में पीड़िता को धमकाते दिखे आरोपी की मां और भाई
गोरखपुर दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आया है, जहां पुलिस ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें आरोपी के परिजन ...और पढ़ें
HighLights
पुलिस ने 13 नवंबर की घटना का 15 मिनट का वीडियो जारी किया।
आरोपी के परिजन थाने में पीड़िता को धमकाते और हंगामा करते दिखे।
पुलिस पर लगाए आरोपों की अब तक की जांच में पुष्टि नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चिलुआताल थाने में दुष्कर्म के मुकदमे को लेकर हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है। थाने के सीसी कैमरे में कैद 13 नवंबर की रात की घटना का करीब 15 मिनट का वीडियो गोरखपुर पुलिस ने जारी किया है। इसमें दुष्कर्म के आरोपित अमृत पांडेय की मां और भाई थाना परिसर में पीड़िता और उसके स्वजन से बहस करते, धमकाते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि दोनों ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण कराने और मुकदमा दर्ज कराने से रोकने का प्रयास किया था। वहीं, पुलिस पर जातीय टिप्पणी और अमानवीय व्यवहार करने के उनके आरोपों की अब तक की जांच में पुष्टि नहीं हुई है।
करीमनगर निवासी 20 वर्षीय युवती ने अमृत पांडेय पर दुष्कर्म, वीडियो बनाने, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया था। युवती की तहरीर पर चिलुआताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में विवेचना के दौरान मुकदमे में दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई गई। इसी मामले में 13 नवंबर की रात पीड़िता और उसके स्वजन थाने पहुंचे थे।
आरोपित की मां और भाई भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद आरोपित की मां पूनम पांडेय ने एसपी उत्तरी को प्रार्थना पत्र देकर एसओ सूरज सिंह और पुलिसकर्मियों पर उन्हें और बेटे को कमरे में बंद कर पीटने, गाली देने तथा बेटे से जूते चटवाने का आरोप लगाया था। उन्होंने बेटे के पैर में फ्रैक्चर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आने की बात भी कही थी। मां-बेटे ने अपने आरोपों के समर्थन में वीडियो जारी कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
एसओ ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि मां-बेटे ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की थी। मां-बेटे की शिकायत और थाने में हुए विवाद को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डा. कास्तुभ ने एसपी उत्तरी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की थी। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह को भी थाने में हुई घटना की जांच सौंपी गई थी। जांच में थाने के सीसी कैमरों की फुटेज देखी जा रही थी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सीएम योगी ने किया प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन, 491 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
अब पुलिस ने 13 नवंबर की रात का करीब 15 मिनट का वीडियो जारी किया है। इसमें आरोपित की मां और भाई पीड़िता के परिवार से उलझते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। एसएसपी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपों की जांच में पता चला कि आरोपित की मां और भाई ने थाने में हंगामा करने के साथ ही पीड़ित को मुकदमा दर्ज कराने व मेडिकल के लिए ले जाने से रोकने का प्रयास किया था। एसपी उत्तरी के नेतृत्व में गठित टीम आरोपों की विस्तृत जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।