गोरखपुर रेंज में बड़ा फेरबदल: चुनाव से पहले चार जिलों के 67 पुलिस निरीक्षकों का तबादला
चुनाव की तैयारियों के बीच गोरखपुर रेंज के चार जिलों में 67 निरीक्षकों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है।
-1794846450910_m.webp)
HighLights
67 निरीक्षकों का गोरखपुर रेंज के चार जिलों में तबादला।
चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर डीआईजी ने दिए आदेश।
तीन साल की तैनाती पूरी करने वाले निरीक्षक हटाए गए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चुनाव की तैयारियों के बीच गोरखपुर रेंज के चार जिलों में निरीक्षकों के बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। डीआईजी डाॅ. एस. चन्नप्पा ने 15 नवंबर को गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 67 निरीक्षकों को दूसरे जिले में भेजने का आदेश जारी किया है।
इनमें गोरखपुर के 21, देवरिया के 15, कुशीनगर के 20 और महराजगंज के 11 निरीक्षक शामिल हैं। इनकी जगह दूसरे जिलों से भी 67 निरीक्षक आएंगे। तबादलों में कुशीनगर को सबसे अधिक 24 निरीक्षक मिले हैं, जबकि गोरखपुर से सबसे ज्यादा 21 निरीक्षकों का तबादला हुआ है।
चारों जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्देश
डीआईजी कार्यालय ने चारों जिलों के एसएसपी और एसपी को स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने और इसकी रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। कार्यमुक्त होने के बाद सभी निरीक्षक नई तैनाती वाले जिले में कार्यभार संभालेंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती में बदलाव को निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। डीआईजी कार्यालय की ओर से ये तबादले पुलिस से जारी निर्देश के अनुपालन में किए गए हैं।
इसके तहत उन निरीक्षकों को दूसरे जिले में भेजा गया है, जिनकी एक ही जिले में पिछले चार साल के दौरान तीन साल की तैनाती 31 मई 2027 तक पूरी हो रही है। इसके लिए चारों जिलों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सूची तैयार की गई। गोरखपुर से 21 निरीक्षकों में 11 को देवरिया, नौ को कुशीनगर और एक को महराजगंज भेजा गया है।
वहीं, गोरखपुर में दूसरे जिलों से 11 निरीक्षकों की तैनाती होगी। इनमें देवरिया से अमित कुमार राय और संतोष कुमार श्रीवास्तव आएंगे। कुशीनगर से शकील अहमद, मनोज कुमार पंत, हर्षवर्धन सिंह, रविंद्र नाथ सिंह, विद्याधर कुशवाहा, मनमोहन मिश्रा और राजू सिंह को गोरखपुर भेजा गया है। महराजगंज से सत्येंद्र कुमार राय और मनोज कुमार राय की तैनाती गोरखपुर में की गई है।
कुशीनगर को मिले सबसे ज्यादा 24 निरीक्षक
तबादला सूची के अनुसार, देवरिया से 15 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें छह महराजगंज, सात कुशीनगर और दो गोरखपुर जाएंगे। देवरिया से महराजगंज जाने वालों में चतुर्भुज पांडेय, राहुल सिंह, कल्याण सिंह सागर, दिलीप कुमार पांडेय, राकेश सिंह और दुर्गेश कुमार सिंह शामिल हैं।
कुशीनगर भेजे गए निरीक्षकों में विजय प्रताप सिंह, संतोष कुमार, रामभवन यादव, उदयशंकर सिंह कुशवाहा, विनोद कुमार सिंह, सुनील कुमार और श्रीराम यादव शामिल हैं। देवरिया में दूसरे जिलों से कुल 18 निरीक्षक आएंगे।
कुशीनगर से 20 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें सात गोरखपुर, सात महराजगंज और छह देवरिया जाएंगे। वहीं कुशीनगर में गोरखपुर से नौ, देवरिया से सात और महराजगंज से आठ निरीक्षकों की आमद होगी। इस तरह कुशीनगर को कुल 24 नए निरीक्षक मिलेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।