विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के रेलवे कॉलोनी में चोरी करने वाले ‘मिस्टर इंडिया’ का मिला सुराग, पांच महीने से पुलिस को दे रहा था चकमा

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:03 AM (IST)

गोरखपुर की रेलवे कॉलोनियों में चोरी करने वाले 'मिस्टर इंडिया' चोर का पुलिस को सुराग मिल गया है। पांच महीने ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर रेलवे कॉलोनी में 'मिस्टर इंडिया' चोर का सुराग मिला।

  2. पांच महीने में छह रेलकर्मियों के आवासों को बनाया निशाना।

  3. सीसीटीवी और सर्विलांस से पहचान, पुलिस कर रही छापेमारी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे कालोनी में बंद आवासों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले ‘मिस्टर इंडिया’ का पुलिस को सुराग मिल गया है। पिछले पांच महीने में छह रेलकर्मियों के आवासों को निशाना बनाने वाले आरोपित की तलाश में क्राइम ब्रांच और शाहपुर थाना पुलिस की टीमें जुटी हैं।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से उसकी पहचान होने के बाद पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि, आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही चोरी की सभी घटनाओं में उसकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

रेलवे कालोनियों में चोरी की घटनाओं ने रेलकर्मियों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ा दी थी। आरोपित कभी दिनदहाड़े आवास में घुसकर चोरी करता तो कभी बंद मकान का ताला तोड़कर गहने और अन्य कीमती सामान समेट लेता था। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद उसका पता नहीं चल पाने से पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी।

अब सुराग मिलने के बाद जांच में तेजी आने की बात कही जा रही है।चोरी की घटनाओं का सिलसिला पांच जून से शुरू हुआ। इस दिन रेलवे डेयरी कालोनी में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के आवास में चोरी हुई। 15 जून को कौआबाग रेलवे कालोनी में वरिष्ठ लेखाकार के घर को निशाना बनाया गया।

इसके बाद 26 जुलाई को रेलकर्मी राकेश सिंह के आवास में दिनदहाड़े चोरी हुई। आरोपित ने 31 अगस्त को कौआबाग रेलवे कालोनी में रेलकर्मी पुरेंदु कुमार के घर में चोरी की। 17 सितंबर को जटेपुर रेलवे कालोनी में रेलकर्मी रामअशीष यादव के बंद आवास का ताला तोड़कर सामान चुरा लिया।

इसके बाद 28 सितंबर को कलकत्ता रेलवे कालोनी में रेलकर्मी के घर का ताला तोड़कर गहने चोरी कर लिए गए। लगातार सामने आई इन घटनाओं ने रेलवे कालोनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दोस्तों संग नहाने गया किशोर तुर्रा नाले में डूबा, पिता बदहवास

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जल्द ही घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मिले सुरागों के आधार पर आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखधाम एक्सप्रेस पर पथराव, एसी कोच का शीशा टूटा; यात्रियों में दहशत