गोरखपुर में तीन मौतों के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश, मेडिकल कॉलेज हाईवे पर 100 मिनट हंगामा
गोरखपुर में हाईटेंशन लाइन से तीन लोगों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज हाईवे पर जमकर हंगामा ...और पढ़ें
-1792634256663_m.webp)
रोते बिलखते परिजन। जागरण
HighLights
हाईटेंशन लाइन से तीन लोगों की मौत पर आक्रोश।
मेडिकल कॉलेज हाईवे पर 100 मिनट तक हंगामा।
यातायात बाधित, पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम हटाया।
जितेंद्र पांडे, गोरखपुर। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के बाद उपजा आक्रोश बुधवार शाम छह बजे सड़क पर उतर आया। मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड से लेकर हाईवे तक चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल रहा।
हादसे से नाराज ग्रामीणों और युवकों ने शाम छह बजे मेडिकल कालेज हाईवे पर हंगामा शुरू कर दिया। एक घंटे 40 मिनट तक चले हंगामे के दौरान राहगीरों से अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की गई। हालात बिगड़ने पर लोग रास्ता बदलकर जाने को मजबूर हो गए।
हंगामा कर रहे लोगों ने मेडिकल कालेज पुलिस चौकी और बीआरडी मेडिकल कालेज परिसर के भीतर से बैरिकेडिंग जबरन उठाकर हाईवे के दोनों तरफ लगा दी। इससे यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतार लगने लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहनों को दूसरे रास्तों से निकलवाया, लेकिन प्रदर्शनकारी राहगीरों से उलझते रहे। महाराजगंज की ओर से आ रही रोडवेज बस को भी निशाना बनाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बस का शीशा तोड़ दिया। स्थिति संभालने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। तीन लोगों की मौत से गुस्साए प्रदर्शनकारियों के उग्र तेवर देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

दुकानों के शटर गिरे, हाईवे पर फंसे रहे राहगीर
मेडिकल कालेज के मुख्य गेट के सामने स्थित दुकानों पर भी बवाल का असर दिखा। किसी अनहोनी की आशंका में मेडिकल स्टोर समेत अन्य दुकानों के संचालकों ने लाइटें बंद कर दीं और शटर गिरा दिए। चाय-नाश्ते की दुकानें बंद कर दुकानदार वहां से चले गए। हाईवे पर फंसे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

रोडवेज बस छोड़कर भागे चालक, सिपाही ने किनारे किया
हंगामे के दौरान गोरखपुर से महराजगंज सवारी लेकर जा रही रोडवेज की बस पर प्रदर्शनकारी चढ़ गए और सवारियों को नीचे उतार दिया। चालक को वहां से भगा दिया। उन्हें रोकने पहुंची पुलिस के साथ भी अभद्रता की। इसी बीच महराजगंज की तरफ से गोरखपुर आ रही बस को घुमता देख प्रदर्शनकारी उसे रोक लिए। हाथ से पीटकर उसका शीशा तोड़ दिए। हंगामा देख चालक बस को चालू हालत में छोड़कर वहां से चला गया। बाद में एक सिपाही ने बस की स्टेयरिंग संभाली और बस को घुमाकर गुलरिहा थाने पहुंचाया।

अधिकारियों की अपील बेअसर, एसएसपी ने संभाला मोर्चा
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी अपील बेअसर रही। स्थिति बिगड़ती देख एसएसपी ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी को मौके पर बुलाया। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज भी बनाए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, करंट से दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
रात 7:40 बजे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हाईवे से जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस के मुताबिक, वीडियो फुटेज के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। तीन लोगों की मौत के बाद शुरू हुए विरोध ने आम राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
